रेवाड़ी में डिलीवरी बॉय निकला मोटर चोर, 24 वारदातों का पुलिस ने किया खुलासा, दूसरे आरोपी की तलाश तेज
रेवाड़ी में मोटर चोरी मामले में पुलिसने खुलासा किया है.यहां डिलीवरी बॉय चोरी की वारदात को अंजाम देता था.

Published : February 10, 2026 at 12:12 PM IST
रेवाड़ी: जिले में खेतों से पानी की मोटर चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. इस मामले में पुलिस ने एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो दिन में डिलीवरी बॉय का काम करता था और रात के समय चोरी की वारदातों को अंजाम देता था. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद कुल 24 मोटर चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है. सदर थाना पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है.
डिलीवरी बॉय की दोहरी जिंदगी: गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरुग्राम के नानकपुरा निवासी सुमित कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार सुमित दिन में डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करता था, जिससे उसे इलाके की पूरी जानकारी मिल जाती थी. इसी जानकारी का फायदा उठाकर वह रात के समय खेतों में जाकर पानी की मोटर चोरी करता था. आरोपी पिछले करीब एक साल से लगातार इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था.
ऐसे हुआ खुलासा: इस पूरे मामले में डीएसपी हेड क्वार्टर रविंद्र कुमार ने प्रेस वार्ता की. उन्होंने बताया कि, "रामगढ़ गांव का इंद्रजीत खेतों की रखवाली करता है. 8 फरवरी की रात उसने खेतों में दो संदिग्ध युवकों को देखा. पूछताछ और जांच के दौरान सामने आया कि सुमित ने अपने साथी कर्मवीर के साथ मिलकर चोरी की थी. इसके बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया."
24 मामलों से जुड़ा आरोपी: पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सदर थाना क्षेत्र में वर्ष 2024 से 2025 के बीच पानी की मोटर चोरी के 24 मामले दर्ज थे, जिनमें आरोपी की तलाश की जा रही थी. गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक चोरी की मोटर और एक चोरी की बाइक भी बरामद की गई है.
नशे की लत बनी अपराध की वजह: डीएसपी ने बताया कि, "आरोपी नशे का आदी है और अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने चोरी का रास्ता चुना. दिन में डिलीवरी बॉय की नौकरी और रात में चोरी-यही उसकी दिनचर्या बन गई थी. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी चोरी की मोटर कहां और किसे बेचता था. दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास तेज कर दिए गए हैं."
ये भी पढ़ें:सोनीपत में रिश्वतखोर पटवारी गिरफ्तार, चाय वाले के जरिए होता था लेन-देन

