ETV Bharat / state

डीयू यूजी दाखिला: सीएसएएस का दूसरा चरण तीन जुलाई से, पहली सीट आवंटन सूची 16 को

70 हजार से ज्यादा यूजी सीटों के लिए जारी है दाखिले की दौड़

दिल्ली विश्वविद्यालय
दिल्ली विश्वविद्यालय (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : July 2, 2026 at 10:12 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में स्नातक (यूजी) दाखिले के लिए कॉमन सीट आवंटन प्रणाली (सीएसएएस) का दूसरा चरण तीन जुलाई से शुरू होगा. इस चरण में अभ्यर्थी 11 जुलाई रात 11:59 बजे तक कॉलेज और पाठ्यक्रम की अपनी प्राथमिकताएं भर सकेंगे.

बता दें कि डीयू में 70 हजार से ज्यादा यूजी कोर्सेज की सीटें हैं. विश्वविद्यालय पहली सीट आवंटन सूची 16 जुलाई को शाम पांच बजे जारी करेगा. प्रवेश डीन हनीत गांधी ने बताया कि दूसरे चरण में अभ्यर्थी अपनी पसंद के कॉलेज और पाठ्यक्रम का चयन करेंगे, जिन विद्यार्थियों ने पहले चरण का पंजीकरण पूरा कर लिया है, वही इस प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे.

विश्वविद्यालय के अनुसार, पंजीकरण विवरण में संशोधन के लिए 10 जुलाई सुबह 10 बजे से 11 जुलाई रात 11:59 बजे तक सुधार विंडो खुली रहेगी. 12 जुलाई शाम पांच बजे अभ्यर्थियों की सिम्युलेटेड रैंक प्रदर्शित की जाएगी. इसके बाद विद्यार्थी 13 जुलाई शाम 4:59 बजे तक अपनी कॉलेज और पाठ्यक्रम प्राथमिकताओं में बदलाव कर सकेंगे.

पहली सूची में नाम आने पर 18 जुलाई तक सीट करनी होगी लॉक
पहली आवंटन सूची में सीट पाने वाले अभ्यर्थियों को 16 से 18 जुलाई के बीच सीट स्वीकार करनी होगी. कॉलेज 20 जुलाई तक दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे, जबकि शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 21 जुलाई है. दूसरी सीट आवंटन सूची 25 जुलाई दोपहर 12 बजे जारी होगी. सीट स्वीकार करने की अंतिम तिथि 26 जुलाई, दस्तावेज सत्यापन की अंतिम तिथि 27 जुलाई और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 28 जुलाई निर्धारित की गई है. विश्वविद्यालय ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में 73 स्नातक पाठ्यक्रमों तथा बीए के 150 पाठ्यक्रम संयोजनों में दाखिले होंगे. दूसरे चरण में अभ्यर्थियों को कक्षा 12 में पढ़े गए विषयों का मिलान सीयूईटी (यूजी)-2026 में दिए गए विषयों से करना होगा. विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि जिस विषय में अभ्यर्थी ने कक्षा 12 उत्तीर्ण की है, उसी या उससे संबंधित विषय में सीयूईटी (यूजी)-2026 परीक्षा देना प्रवेश के लिए अनिवार्य है. अभ्यर्थी अपनी पात्रता के अनुसार जितने चाहें उतने कॉलेज-पाठ्यक्रम संयोजन चुन सकते हैं. निर्धारित समय सीमा तक सहेजी गई प्राथमिकताएं स्वतः लॉक हो जाएंगी और उन्हीं के आधार पर सीटों का आवंटन किया जाएगा.

विश्वविद्यालय ने यह भी बताया कि सीट मिलने के बाद शुल्क जमा करने वाले अभ्यर्थियों के पास सीट को स्थायी रूप से स्वीकार करने या उच्च प्राथमिकता वाले विकल्प के लिए अपग्रेड का विकल्प होगा. प्रथम चरण में प्राथमिकताओं के पुनः क्रम निर्धारण की सुविधा 21 जुलाई रात 11:59 बजे तक और दूसरे चरण में 28 जुलाई रात 11:59 बजे तक उपलब्ध रहेगी.

विश्वविद्यालय ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे प्रवेश पोर्टल पर नियमित रूप से जाकर नवीनतम सूचनाएं. समय-सारिणी और अन्य घोषणाएं देखते रहें. नया शैक्षणिक सत्र 28 जुलाई से शुरू होगा.

ये भी पढ़ें: