DU में पीजी दाखिले की दूसरी सूची जारी, 2,964 छात्रों को सीट आवंटित; लॉ कार्यक्रम की तीसरी सूची भी जारी
डीयू ने स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए दूसरे राउंड की सीट आवंटन सूची जारी कर दी है.

Published : June 23, 2026 at 7:10 AM IST
नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए दूसरे राउंड की सीट आवंटन सूची जारी कर दी है. इस राउंड में कुल 2,964 छात्रों को नई सीटें आवंटित की गई हैं. विश्वविद्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पहले राउंड में 8,150 छात्र अपने दाखिले की पुष्टि कर चुके हैं. दूसरे राउंड के नतीजे पीजी प्रवेश पोर्टल पर जारी कर दिए गए हैं और छात्र अपनी आवंटित सीट की जानकारी ऑनलाइन देख सकते हैं.
पहले राउंड में 8,150 छात्रों ने दाखिला पक्का किया
दिल्ली विश्वविद्यालय में पीजी दाखिले की प्रक्रिया कई चरणों में चल रही है. पहले राउंड में जिन छात्रों को सीटें आवंटित हुई थीं, उनमें से 8,150 छात्रों ने अपना दाखिला पक्का कर लिया था. इसके बाद खाली बची सीटों और छात्रों की प्राथमिकताओं के आधार पर दूसरे राउंड की सीट आवंटन प्रक्रिया पूरी की गई. विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि दूसरे राउंड से उन छात्रों को भी मौका मिला है जिन्हें पहली सूची में सीट नहीं मिली थी या जो बेहतर विकल्प का इंतजार कर रहे थे.
वहीं, दूसरे राउंड में कुल 2,964 छात्रों को सीटें आवंटित की गई हैं. सीट आवंटन की जानकारी पीजी प्रवेश पोर्टल पर है. छात्र अपने लॉगिन के माध्यम से यह देख सकते हैं कि उन्हें किस पाठ्यक्रम और कॉलेज में सीट मिली है. इसके साथ ही विश्वविद्यालय ने विभिन्न पाठ्यक्रमों के न्यूनतम आवंटन अंक भी जारी कर दिया है. इससे छात्रों को यह समझने में मदद मिलेगी कि किस कोर्स में किस अंक तक सीट आवंटित हुई है.
दूसरे राउंड के बाद बड़ी संख्या में छात्रों ने अपनी सीट स्वीकार कर ली है. विश्वविद्यालय के आंकड़ों के अनुसार 3,399 छात्रों ने फ्रीज विकल्प चुना है. फ्रीज का मतलब है कि छात्र को जो सीट मिली है, वह उससे संतुष्ट है और आगे किसी अन्य सीट के लिए विचार नहीं करना चाहते. ऐसे छात्रों का दाखिला उसी आवंटित सीट पर आगे बढ़ेगा.
2,448 छात्र चाहते हैं बेहतर विकल्प
वहीं 2,448 छात्रों ने अपग्रेड विकल्प चुना है. इसका मतलब है कि उन्होंने फिलहाल मिली हुई सीट को स्वीकार किया है, लेकिन यदि अगले राउंड में उन्हें उनकी पसंद का बेहतर कोर्स या कॉलेज मिलता है तो वे वहां दाखिला ले सकते हैं. विश्वविद्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 2,303 छात्रों ने न तो फ्रीज और न ही अपग्रेड का विकल्प चुना है. ऐसे छात्रों को निर्धारित समय के अंदर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी होगी. समय पर प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर उनकी सीट प्रभावित हो सकती है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से नियमित रूप से प्रवेश पोर्टल देखने और सभी जरूरी औपचारिकताएं समय पर पूरी करने की अपील की है.
लॉ कार्यक्रम की तीसरी सूची भी जारी
पीजी दाखिले के साथ-साथ दिल्ली विश्वविद्यालय ने पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड लॉ कार्यक्रम के लिए तीसरे राउंड की सीट आवंटन सूची भी जारी कर दी है. विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस कार्यक्रम में अब तक 104 छात्रों ने दाखिले की पुष्टि की है. तीसरे राउंड की कटऑफ और सीट आवंटन से जुड़ी जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर है. छात्र अपने लॉगिन के माध्यम से पूरी जानकारी ले सकते हैं.
दाखिला प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी
दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि प्रवेश प्रक्रिया के अगले चरण भी तय कार्यक्रम के अनुसार संचालित किए जाएंगे. जिन छात्रों ने अपग्रेड का विकल्प चुना है या जिन्हें अभी तक सीट नहीं मिली है, उनके लिए आने वाले राउंड महत्वपूर्ण होंगे. विश्वविद्यालय ने सभी अभ्यर्थियों से केवल आधिकारिक पोर्टल और वेबसाइट पर उपलब्ध सूचनाओं पर भरोसा करने की सलाह दी है.
ये भी पढ़ें:

