ETV Bharat / state

DU Admission 2026: NCWEB में दाखिले शुरू, 12वीं के अंकों के आधार पर मिलेगा प्रवेश

दिल्ली विश्वविद्यालय का NCWEB उन छात्राओं के लिए एक शैक्षणिक मंच है, जो किसी कारणवश नियमित कॉलेज में दाखिला लेकर पढ़ाई नहीं कर पातीं.

दिल्ली विश्वविद्यालय
दिल्ली विश्वविद्यालय (File Photo)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : July 8, 2026 at 7:35 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के नॉन-कॉलेजिएट विमेंस एजुकेशन बोर्ड (NCWEB) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है. दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCT) की पात्र महिला अभ्यर्थी 8 जुलाई 2026 से बी.ए. और बी.कॉम. पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन आवेदन 24 जुलाई 2026 तक कर सकती हैं. इस वर्ष भी प्रवेश पूरी तरह कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में मिले अंकों के आधार पर मेरिट के जरिए किया जाएगा.

दिल्ली विश्वविद्यालय का NCWEB उन छात्राओं के लिए एक शैक्षणिक मंच है, जो किसी कारणवश नियमित कॉलेज में दाखिला लेकर पढ़ाई नहीं कर पातीं. बोर्ड सप्ताहांत में कक्षाओं की सुविधा देकर महिलाओं को उच्च शिक्षा से जोड़ने का काम करता है. वर्ष 1944 से संचालित यह व्यवस्था हजारों छात्राओं के लिए शिक्षा का माध्यम रही है.

कौन कर सकता है आवेदन

NCWEB में केवल दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCT) की पात्र महिला अभ्यर्थियां आवेदन कर सकती हैं. अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले पात्रता संबंधी सभी शर्तों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है. उम्मीदवार NCWEB के आधिकारिक प्रवेश पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के दौरान आवश्यक व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक विवरण और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे. आवेदन पत्र जमा करने से पहले सभी जानकारियों का सावधानीपूर्वक सत्यापन करना जरूरी है.

मेरिट सूची के आधार पर होगा चयन

विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट आधारित होगी. कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में मिले अंकों के आधार पर मेरिट सूची जारी की जाएगी और उसी के अनुसार सीटों का आवंटन किया जाएगा. इसलिए अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान सही शैक्षणिक जानकारी भरने की सलाह दी गई है.

विश्वविद्यालय प्रशासन ने पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के अंदर आवेदन करने की अपील की है. आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और अंतिम तिथि के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा. ऐसे में इच्छुक छात्राओं को सलाह दी गई है कि वह सभी आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें और समय रहते आवेदन पूरा कर लें.

ये भी पढ़ें-