T20 World Cup: अफ्रीका और जिम्बाब्वे मैच को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच होने वाले मैच को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है.

Published : March 1, 2026 at 7:58 AM IST
नई दिल्ली: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने रविवार को अरुण जेटली स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच होने वाले टी20 विश्व कप मैच के लिए एक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. दोपहर से रात 10 बजे तक मध्य दिल्ली में प्रतिबंध और रूट डायवर्जन लागू रहेंगे. एडवाइजरी के अनुसार, इन उपायों का उद्देश्य सुरक्षा सुनिश्चित करना और यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाना है.
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, जरूरत के आधार पर बहादुरशाह जफर मार्ग और जेएलएन मार्ग पर डायवर्जन या प्रतिबंध लगाया जा सकता है. दरियागंज से बहादुरशाह जफर मार्ग और गुरु नानक चौक से आसफ अली रोड तक भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. दर्शकों की भीड़ को देखते हुए दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक राजघाट से दिल्ली गेट होते हुए कमला मार्केट राउंडअबाउट तक जेएलएन मार्ग (दोनों कैरिजवे), तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट तक आसफ अली रोड और दिल्ली गेट से रामचरण अग्रवाल चौक तक बहादुरशाह जफर मार्ग से बचने की सलाह दी गई है.
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को भी यात्रा से पहले प्लान करने को कहा गया है, क्योंकि आईटीओ चौक और बहादुरशाह जफर मार्ग पर भारी ट्रैफिक की संभावना है. स्टेडियम में प्रवेश के लिए गेट नंबर 1 से 8 दक्षिणी ओर स्थित हैं, जहां बहादुरशाह जफर मार्ग से एंट्री होगी. गेट नंबर 10 से 15 पूर्वी दिशा में हैं, जहां जेएलएन मार्ग और अंबेडकर स्टेडियम बस टर्मिनल की ओर से प्रवेश मिलेगा। गेट नंबर 16 से 18 पश्चिमी ओर स्थित हैं, जिनकी एंट्री बहादुरशाह जफर मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास से होगी.
सामान्य दर्शकों के लिए स्टेडियम के आसपास पार्किंग की अनुमति नहीं होगी. मुफ्त पार्किंग सुविधा माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड और वेलोड्रोम रोड पर उपलब्ध रहेगी, जहां से ‘पार्क एंड राइड’ सुविधा भी मिलेगी. लेबलयुक्त वाहनों के लिए सीमित पार्किंग की व्यवस्था की गई है और बिना वैध पार्किंग लेबल वाले वाहनों को स्टेडियम के पास प्रवेश नहीं मिलेगा.
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बहादुरशाह जफर मार्ग, जेएलएन मार्ग और राजघाट से आई.पी. फ्लाईओवर तक रिंग रोड पर मैच के दिन सड़क किनारे खड़े वाहनों को टो कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐप-आधारित टैक्सी के लिए पिक-अप और ड्रॉप प्वाइंट गेट नंबर 2 (मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के पास) और राजघाट चौक पर निर्धारित किए गए हैं. ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की सलाह दी है.
ये भी पढ़ें:
दिल्ली में लाइव कॉन्सर्ट के चलते आज बंद रहेंगे कई रास्ते, ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया एडवाइजरी

