ETV Bharat / state

मौज मस्ती के लिए पार्वती नदी में उतर गए सैलानी, देखते ही देखते बढ़ गया जलस्तर

पार्वती नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से दिल्ली के चार पर्यटक बीच नदी में फंस गए. स्थानीय युवकों ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाला.

पार्वती नदी में फंसे सैलानी
पार्वती नदी में फंसे सैलानियों को किया गया रेस्क्यू (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : August 17, 2026 at 11:12 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कुल्लू: मणिकर्ण घाटी के कसोल के पास पार्वती नदी के बीच में चार सैलानियों को प्रशासन और स्थानीय युवकों ने सुरक्षित रेस्क्यू किया है. ये सभी युवक दिल्ली के रहने वाले थे और मणिकर्ण घूमने आए थे, लेकिन बरसात के इस मौसम में उफनती नदी के बीच उतर गए और बीच में फंस गए.

नदी में फंसे हुए युवकों पर स्थानीय लोगों की नजर पड़ने के बाद पुलिस प्रशासन को सूचित किया गया. आखिरकार प्रशासन और स्थानीय लोगों ने मिलकर इन्हें उफनती पार्वती नदी से सुरक्षित रेस्क्यू किया. दरअसल ये चारों अपने दोस्तों के साथ मणिकर्ण पहुंचे थे. रविवार को दोपहर 3 बजे चारों पर्यटक मस्ती करने के लिए पार्वती नदी के किनारे उतर गए थे और एक चट्टान पर बैठ गए. इसी दौरान नदी का जलस्तर बढ़ गया, लेकिन इन युवकों को इसका पता ही नहीं चला, लेकिन इसी दौरान चट्टान पानी में डूबना शुरू हो गई. इसके बाद इन्हें जलस्तर बढ़ने का आभास हुआ, लेकिन बाहर निकलने का रास्ता बिल्कुल भी नहीं था. इससे चारों पर्यटक घबरा गए. इस दौरान स्थानीय लोगों की नजर पड़ी तो इन्हें बचाने का प्रयास शुरू किया गया.

आठ मिनट तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

डुंखरा निवासी शंकर, मंगल और अन्य युवकों ने नदी के किनारे पहुंच कर रस्सी से उन्हें बाहर निकाल लिया. रेस्क्यू करने वाले युवक शंकर ने बताया कि 'जैसे ही युवकों के नदी में फंसे होने की सूचना मिली तो मैं घर से रेस्क्यू करने के लिए रस्सी लेकर मौके पर पहुंचा. करीब आठ मिनट तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला और चारों को सुरक्षित निकाल लिया गया.' युवक करीब आधा घंटा तक नदी के बीच में फंसे रहे. चारों युवकों ने कहा कि हमें इस बात का अंदेशा नहीं था कि पानी अचानक से बढ़ जाएगा. हम एकदम घबरा गए थे, लेकिन स्थानीय लोगों ने हमारी मदद की और हम सुरक्षित निकाला गया.

लोगों से नदी में न जाने की अपील

आपदा मित्र एवं आपदा ट्रेनर शिव राम ने घाटी में आने वाले पर्यटकों से आग्रह किया है कि वो इन दिनों नदी के किनारे न उतरें. बरसात के मौसम में बारिश होने और बांध से पानी छोड़ने के कारण नदी का जलस्तर बढ़ सकता है. कार्यवाहक उपायुक्त सुरजीत सिंह राठौर ने भी स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों से अपील की है कि इन दिनों नदी-नालों से दूरी बनाए रखें, क्योंकि पहाड़ों पर बारिश हो रही है और कभी भी नदी नालों का जलस्तर बढ़ सकता है.

ये भी पढ़ें: श्री मणिमहेश यात्रा के तीसरे चरण के लिए इस दिन तक करा सकते हैं ऑनलाइन पंजीकरण, वैकल्पिक मार्ग भी तैयार