होली पर दिल्ली पुलिस ने कहा- 'बुरा ना मानो सख्ती है', हुड़दंग मचाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
डीसीपी ने कहा कि पुलिस की रणनीति प्रतिक्रिया से पहले रोकथाम की है. अराजकता फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी.

Published : March 3, 2026 at 6:59 PM IST
नई दिल्ली: होली से पहले राजधानी में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए साउदर्न रेंज की पुलिस ने 'ऑपरेशन आघात 4.0' के तहत व्यापक अभियान चलाया है. दक्षिण-पूर्व पुलिस आयुक्त डॉ. हेमंत तिवारी इसकी निगरानी रख रहे हैं और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि होली शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाया जाए. दरअसल, बड़े त्योहारों पर अक्सर असामाजिक तत्वों के सक्रिय होने की संभावना रहती है, इसलिए यह अभियान चलाया गया है. इसी के मद्देजनर स्लोगन 'बुरा ना मानो सख्ती है' जारी किया गया है.
ऑपरेशन के तहत 350 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम ने दक्षिण और दक्षिण-पूर्व जिले में एक साथ छापेमारी, सत्यापन और निगरानी अभियान चलाया, जिसमें 204 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. वहीं 29 बैड कैरेक्टर्स और 4 उद्घोषित अपराधियों को गिरफ्तार कर 12 अवैध हथियार, 14 जिंदा कारतूस, 24 चाकू, 7.1 किलो से अधिक गांजा और एमडीएमए मादक पदार्थ के साथ 15,945 क्वार्टर अवैध शराब, 84,740 रुपये जुए के मामलों में, 9 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, 18 मोबाइल बरामद की गई है.
डीसीपी डॉ. हेमंत तिवारी ने कहा हमारा उद्देश्य साफ है, होली पर किसी भी तरह की अराजकता को पहले ही रोकना. हमने बैड कैरेक्टर्स की सूची बनाकर उन्हें चिह्नित किया. अवैध शराब, नशा और हथियारों को लेकर भी विशेष कार्रवाई की गई है. होली के दिन नशे में वाहन चलाने, छेड़छाड़ या जबरन रंग लगाने पर जीरो टॉलरेंस होगी. पुलिस की रणनीति प्रतिक्रिया से पहले रोकथाम की है. हम घटना का इंतजार नहीं करते, बल्कि पहले ही कार्रवाई करते हैं. जनता से अपील है कि शांति बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत 112 पर दें. उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट वाहन न चलाएं और न ही ट्रिपलिंग करें. साथ ही शराब पीकर गाड़ी न चलाएं और बिना सहमति किसी को भी रंग न लगाएं. वहीं महिलाओं से अभद्र व्यवहार करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी.
यह भी पढ़ें-
उत्तर रेलवे ने कमान संभाली, दिल्ली से 5 दिनों में 14 लाख ट्रेन से होली मनाने गए घर
होली अलर्ट: दिल्ली में मेट्रो, बस और नमो भारत की सेवाएं रहेंगी प्रभावित, जानें क्या है नया शेड्यूल?

