ETV Bharat / state

दिल्ली पुलिस का उस्मानपुर के बाद गाजीपुर में एनकाउंटर, दो कुख्यात बदमाश घायल

पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की इस दौरान दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े.

गाजीपुर में एनकाउंटर, दो कुख्यात बदमाश घायल
गाजीपुर में एनकाउंटर, दो कुख्यात बदमाश घायल (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : January 8, 2026 at 6:45 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में बदमाशों के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार बढ़ती जा रही है. उस्मानपुर के बाद अब गाजीपुर इलाके में भी दिल्ली पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है. इस ताजा एनकाउंटर में दो कुख्यात बदमाशों को गोली लगने से घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

मौके पर मौजूद के मुताबिक, क्राइम ब्रांच को पुख्ता सूचना मिली थी कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दो सक्रिय बदमाश गाजीपुर पेपर मार्केट इलाके में आने वाले हैं. सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने गुरुवार तड़के इलाके में घेराबंदी की. जैसे ही बाइक सवार बदमाश मौके पर पहुंचे और पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी.

पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की इस दौरान दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े. पुलिस ने तत्काल दोनों को काबू में लेकर अस्पताल पहुंचाया. तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार बरामद किए गए हैं.

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान 31 वर्षीय दानिश और 22 वर्षीय असद के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार दोनों बदमाश शातिर किस्म के अपराधी हैं और इनके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं.

गाजीपुर में एनकाउंटर, दो कुख्यात बदमाश घायल (ETV Bharat)

गौरतलब है कि इससे पहले बुधवार तड़के उस्मानपुर इलाके में भी उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने एनकाउंटर के बाद हाशिम बाबा गिरोह के एक शार्प शूटर को गिरफ्तार किया था. उस मुठभेड़ में भी आरोपी के पैर में गोली लगी थी.

लगातार हो रहे इन एनकाउंटरों के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि दिल्ली पुलिस अब बदमाशों के खिलाफ यूपी पुलिस की तर्ज पर आक्रामक रणनीति अपना रही है. पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध और गैंगस्टरों पर लगाम लगाने के लिए ऐसे सख्त कदम जरूरी हैं। वहीं, गाजीपुर और उस्मानपुर की घटनाओं ने साफ कर दिया है कि राजधानी में अपराधियों के लिए अब बच निकलना आसान नहीं होगा.

ये भी पढ़ें :