ETV Bharat / state

दिल्ली पुलिस का बड़ा खुलासा: चोरी के मोबाइल बांग्लादेश-नेपाल भेजने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़, 10 गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे मोबाइल तस्करी गिरोह का खुलासा किया है, जो देशभर से चोरी हुए मोबाइल नेपाल और बांग्लादेश तक पहुंचाता था.

अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़
मोबाइल चोरी गिरोह का भंडाफोड़ (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : June 27, 2026 at 6:02 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ ने एक ऐसे हाईटेक अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो दिल्ली और आसपास के इलाकों से चोरी व स्नैचिंग किए गए महंगे मोबाइल फोन बांग्लादेश और नेपाल तक पहुंचाता था. पुलिस ने इस कार्रवाई में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब एक करोड़ रुपये कीमत के 325 मोबाइल फोन बरामद किए हैं. जांच में सामने आया है कि पिछले एक साल में यह गिरोह 10 से 12 हजार चोरी के मोबाइल फोन देश की सीमाओं के पार पहुंचा चुका है.

पुलिस के अनुसार, रोहिणी जिले में लगातार बढ़ रही मोबाइल चोरी और कम रिकवरी को देखते हुए विशेष जांच शुरू की गई. जांच टीम ने करीब 200 अपराधियों की डोजियर फाइलें, सैकड़ों संदिग्धों के रिकॉर्ड, डिजिटल डेटा, तकनीकी निगरानी, मानव खुफिया जानकारी और कूरियर रिकॉर्ड का विश्लेषण किया. इसी दौरान एक कूरियर रसीद ने पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया.

संयुक्त पुलिस आयुक्त, उत्तरी रेंज विजय सिंह का खुलासा (ETV Bharat)

जांच में पता चला कि गिरोह के सदस्य पहले दिल्ली में चोरी और स्नैचिंग के मोबाइल इकट्ठा करते थे. इसके बाद रोहिणी के अवंतिका इलाके में किराये के फ्लैट को गोदाम बनाकर मोबाइलों की छंटनी और पैकिंग की जाती थी. फिर कूरियर के जरिए इन्हें कोलकाता, मालदा और मुर्शिदाबाद भेजा जाता, जहां से इन्हें अवैध रूप से बांग्लादेश पहुंचाया जाता था. वहीं दूसरा नेटवर्क उत्तर प्रदेश के रास्ते नेपाल तक सक्रिय था.

पुलिस ने क्रमिक कार्रवाई में तीन चरणों में 101, 100 और 124 मोबाइल फोन बरामद किए. गिरफ्तार आरोपियों में चोरी के माल को इकट्ठा करने वाले, गोदाम संचालक, कूरियर ऑपरेटर और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े लोग शामिल हैं. जांच के दौरान बांग्लादेश स्थित एक संदिग्ध रिसीवर से डिजिटल संपर्क के भी सबूत मिले हैं.

डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल ने बताया कि बरामद 325 मोबाइल फोन में से करीब 150 फोन पहले ही दिल्ली के विभिन्न चोरी, स्नैचिंग और लूट के मामलों से लिंक किए जा चुके हैं. शेष मोबाइलों का सत्यापन जारी है और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को लौटाया जाएगा. पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, पुराने कंसाइनमेंट और सीमा पार मौजूद नेटवर्क की तलाश में जुटी है.

ये भी पढ़ें: