ETV Bharat / state

कर्ज, सट्टेबाजी और घरेलू कलह ने ली 4 जिंदगी, वारदात के बाद फरार पति राजस्थान से गिरफ्तार

आरोपी पहले भी एक मामले में संलिप्त पाया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : March 1, 2026 at 7:55 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने समयपुर बादली के चंदन पार्क, सिरसपुर में हुए सनसनीखेज चौगुना हत्याकांड का खुलासा करते हुए फरार पति मुंचुन केवट उर्फ आशीष (42) को राजस्थान के किशनगढ़ से गिरफ्तार किया है. डीसीपी हरेश्वर वी स्वामी ने बताया की 25 फरवरी की सुबह एक कमरे के मकान में 30 वर्षीय अनीता और उसकी तीन मासूम बेटियों के शव मिले थे, जिनपर धारदार हथियार से वार किया गया था. वारदात के बाद पति मुंचुन केवट उर्फ आशीष (42) फरार था, जिसे 72 घंटे की तलाश के बाद राजस्थान के किशनगढ़ से गिरफ्तार किया गया.

जांच में सामने आया कि आरोपी भारी कर्ज और सट्टेबाजी के जाल में फंसा था. उसने हाल में ससुराल पक्ष से करीब दो लाख रुपये उधार लिए थे. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि एक लाख रुपये ऑनलाइन-ऑफलाइन सट्टे में हार गया, जबकि बाकी रकम कर्ज चुकाने में गई. पैसों को लेकर घर में आए दिन विवाद होते थे. 23 फरवरी को उसने मंडी से एक चाकू खरीदा और घर में छिपा दिया.

इसके बाद 24-25 फरवरी की दरम्यानी रात पत्नी से तीखी कहासुनी के बाद तड़के करीब 4 बजे उसने सोती पत्नी का गला रेत दिया. नबीं बड़ी बेटी के जागने और रोने पर उसने उसे भी मार डाला और फिर दो अन्य बेटियों की भी हत्या कर दी. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खुदकुशी करना चाहता था, लेकिन हिम्मत नहीं जुटा सका और मौके से फरार हो गया. वह अजमेर के आसपास छिपता रहा, मंडी में सोया और सड़कों के ठेलों से खाना खाकर गुजारा करता रहा.

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, 800 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और फेशियल रिकग्निशन सिस्टम के विश्लेषण से उसके भागने के रूट को ट्रैक किया. दिल्ली से राजस्थान तक अलग-अलग टीमें भेजी गईं और अंततः किशनगढ़ में उसे दबोच लिया गया. आरोपी पूर्व में भी एक आपराधिक मामले में संलिप्त पाया गया है. वारदात में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी और अन्य पहलुओं की जांच जारी है. पुलिस का कहना है कि आर्थिक दबाव और पारिवारिक विवाद ने आरोपी को इस जघन्य कदम तक पहुंचाया.

यह भी पढ़ें-

दिल्ली में व्यक्ति की हत्या कर शव नाले में फेंका, आरोपियों ने पूछताछ में किया ये खुलासा

'पहले बल्लेबाजी कौन करेगा' के झगड़े ने ली 15 वर्षीय की जान, तीन नाबालिगों ने बैट से पीट-पीटकर की हत्या