दिल्ली-एनसीआर में जून के पहले हफ्ते गर्मी से राहत, IMD ने जारी किया आंधी-बारिश का अलर्ट
IMD के मुताबिक 1 जून से 5 जून तक बारिश का मौसम बना रह सकता है.

Published : June 2, 2026 at 7:47 AM IST
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर के लिए मौसम विभाग ने अच्छी खबर दी है. जून के महीने में जहां झुलसाने वाली गर्मी लोगों को परेशान करती है, लेकिन इस बार जून का पहला हफ्ता बारिश और बूंदाबांदी वाला रहने वाला है.
मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है, जिसके मुताबिक लोगों को जून के शुरू में झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलने के संकेत है. IMD के मुताबिक 1 जून से 5 जून तक बारिश का मौसम बना रह सकता है. हालांकि उसके बाद गर्मी अपना असर दिखाना शुरू कर सकती है.
कैसा रहा जून का पहला दिन
दिल्ली में कल जून के पहले दिन सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम है. वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.0 डिग्री नीचे 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा. हवा में नमी का स्तर 84 से 42 प्रतिशत रहा.
तापमान में आई गिरावट
मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री जबकि अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. तापमान 36-38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
आसमान में छाए बादल
IMD के अनुसार, आज आंशिक रुप से आसमान में बादल छाये रह सकते हैं और कभी-कभी आसमान पूरी तरह बादलों से घिर सकता है. इस दौरान हल्की बारिश के साथ गरज-चमक का पूर्वानुमान लगाया है. इस दौरान हवा की गति 40-50 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है.
IMD का अनुमान है कि अगले 6 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है. वहीं, न्यूनतम तापमान में अगले 24 घंटों के दौरान कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा.
AQI में हुआ सुधार
केंद्रीय प्रदूषण एवं नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह 7:15 बजे तक औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक 97 अंक बना हुआ है, जबकि दिल्ली एनसीआर के शहर फरीदाबाद में 88, गुरुग्राम में 93, गाजियाबाद में 95, ग्रेटर नोएडा में 82 और नोएडा में 78 अंक बना हुआ है। राजधानी दिल्ली के अधिकांश इलाकों में AQI लेवल 100 से नीचे बना हुआ है। जबकि कुछ इलाकों में AQI लेवल 100 से ऊपर और 200 के बीच में बना हुआ है.
ये भी पढ़ें- दिल्ली एनसीआर में बदलेगा मौसम, जून का पहले सप्ताह रहेगा खुशनुमा
ये भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में बारिश के बाद तापमान में आई गिरावट और हवा हुई साफ, जाने कैसा रहेगा मौसम का हाल

