ETV Bharat / state

दिल्ली-लेह HRTC बस सेवा फिर शुरू, 26 मई से रूट पर दौड़ेगी बस, यहां जानें पूरा टाइम-टेबल और किराया

दिल्ली से लेह तक की कुल दूरी लगभग 990 किलोमीटर है. इस यात्रा के लिए प्रति यात्री किराया 1839 रुपये निर्धारित किया गया है.

DELHI LEH HRTC BUS SERVICE
दिल्ली-लेह HRTC बस सेवा (FILE@RTVBHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : May 24, 2026 at 5:43 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

कुल्लू: हिमाचल और लद्दाख के बीच यात्रा करने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए राहत भरी खबर है. लंबे शीतकालीन अवकाश के बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) 26 मई 2026 से दिल्ली-केलांग-लेह बस सेवा दोबारा शुरू करने जा रहा है. लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन द्वारा केलांग-लेह मार्ग को सभी प्रकार के वाहनों के लिए खोलने के बाद निगम ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर इस महत्वपूर्ण सेवा को बहाल करने का फैसला लिया है. हर साल भारी बर्फबारी के कारण यह बस सेवा सर्दियों में बंद कर दी जाती है और मौसम अनुकूल होने पर फिर से शुरू की जाती है.

एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक अंशित शर्मा ने बताया कि यह बस सेवा राष्ट्रीय राजमार्ग-03 पर स्थित कई प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों से होकर गुजरेगी. यात्रा के दौरान बस जिस्पा, दारचा, जिंगजिंग बार, बारालाचा-ला, भरतपुर, सरचू, गाटा लूप्स, नकी-ला पास, तंगलंग-ला, रुम्तसे और उपशी जैसे प्रमुख पड़ावों से होकर लेह पहुंचेगी. ऊंचे पहाड़ों, बर्फ से ढकी चोटियों और मनमोहक घाटियों के बीच यह सफर पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र माना जाता है.

990 किलोमीटर का सफर, किराया 1839 रुपये

एचआरटीसी के अनुसार, दिल्ली से लेह तक की कुल दूरी लगभग 990 किलोमीटर है. इस यात्रा के लिए प्रति यात्री किराया 1839 रुपये निर्धारित किया गया है. यात्रियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था भी उपलब्ध करवाई गई है, जिससे लोग घर बैठे अपनी सीट आरक्षित कर सकते हैं.

बस का पूरा टाइम-टेबल

निर्धारित समय के अनुसार बस दिल्ली से दोपहर 12:10 बजे रवाना होगी. इसके बाद यह अंबाला कैंट, चंडीगढ़, मंडी, कुल्लू और मनाली होते हुए अगले दिन सुबह 5:30 बजे केलांग पहुंचेगी. केलांग से आगे सफर जारी रखते हुए बस अगले दिन शाम 7:00 बजे लेह पहुंचेगी. वापसी में बस लेह से सुबह 3:30 बजे रवाना होगी और शाम 4:30 बजे केलांग पहुंचेगी. इस सेवा से हिमाचल और लद्दाख के बीच आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हो जाएगा.

चंडीगढ़-केलांग बस सेवा भी शुरू

एचआरटीसी प्रबंधन ने जानकारी दी कि केलांग इकाई द्वारा चंडीगढ़-केलांग बस सेवा का संचालन भी पुनः शुरू कर दिया गया है. यह बस प्रतिदिन शाम 5:30 बजे चंडीगढ़ से रवाना होगी. इससे लाहौल-स्पीति क्षेत्र के लोगों और पर्यटकों को अतिरिक्त परिवहन सुविधा मिलेगी. एचआरटीसी ने यात्रियों और पर्यटकों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए सुरक्षित यात्रा के लिए निगम और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना जरूरी है.

ये भी पढ़ें: HRTC वोल्वो बस ड्राइवर के साथ मारपीट, महिला समेत 4 गिरफ्तार

ये भी पढ़ें: शिमला में बच्चों में बढ़ रहे वायरल हेपेटाइटिस के मामले, ये लक्षण दिखने पर हो जाएं सावधान