2026 का संकल्प: CM रेखा गुप्ता ने दी दिल्लीवासियों को बधाई; बोलीं- कूड़े के पहाड़ों से मुक्ति और 'विज़न 2047' पर रहेगा जोर
कुछ लोगों ने हमें AQI के आंकड़ों में उलझाए रखने की कोशिश की, लेकिन हमने आंकड़ों से बढ़कर धरातल पर काम किया- सीएम रेखा गुप्ता

Published : December 31, 2025 at 8:44 PM IST
नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नववर्ष 2026 की पूर्व संध्या पर बुधवार को राजधानी के नागरिकों को संबोधित किया. अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने वर्ष 2025 को 'तैयारियों का साल' बताते हुए आगामी वर्ष 2026 को दिल्ली की कायाकल्प और विकास की उपलब्धियों को मुकाम तक पहुंचाने वाला वर्ष करार दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार दिल्ली को 'विज़न 2047' के साथ जोड़कर एक आधुनिक और समस्या-मुक्त राजधानी बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है.
2025 की उपलब्धियों का लेखा-जोखा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बीते वर्ष की चुनौतियों और सफलताओं का जिक्र करते हुए कहा कि 2025 उत्तरदायित्वों और नए अवसरों का वर्ष रहा. उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हुए बड़े सुधारों को रेखांकित किया. सीएम ने गर्व से बताया कि दिल्ली एजुकेशन बिल शिक्षा के व्यवसायीकरण पर लगाम लगाने के लिए नया एजुकेशन बिल लाया गया, जिससे अभिभावकों को निजी स्कूलों की भारी फीस से राहत मिली है.
स्वास्थ्य क्रांति का ज़िक्र करते हुए सीएम ने बताया कि केंद्र के साथ मिलकर आयुष्मान योजना के तहत दिल्लीवासियों के लिए इलाज की सीमा बढ़ाकर 10 लाख रुपये तक मुफ्त कर दी गई है. अटल कैंटीन गरीबों और मजदूरों के लिए मात्र 5 रुपये में पौष्टिक और भरपेट भोजन की व्यवस्था शुरू की गई, जिसे जनता ने हाथों-हाथ लिया है.
Every real change starts quietly.
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) December 31, 2025
For Delhi, 2025 was that moment.
Low noise. Clear intent. Solid groundwork.
Mission Viksit Delhi moved from talk to action.
There were challenges.
There was noise.
The focus stayed strong.
As Shradhey Atal Ji said,
“आग लगाकर जलना होगा,
कदम… pic.twitter.com/oHdH8vR7N7
प्रदूषण और पर्यावरण पर प्रहार
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "कुछ लोगों ने हमें AQI (Air Quality Index) के आंकड़ों में उलझाए रखने की कोशिश की, लेकिन हमने आंकड़ों से आगे बढ़कर धरातल पर काम किया." उन्होंने बताया कि पर्यावरण सुधार के लिए सड़कों की 'एंड-टू-एंड कारपेटिंग' शुरू की गई है ताकि धूल से होने वाले प्रदूषण को रोका जा सके. साथ ही, आधुनिक सफाई मशीनों और खुले में आग जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध जैसे कड़े कदमों से दिल्ली की हवा में सुधार की नींव रखी गई है.
2026: 'लिगेसी प्रॉब्लम्स' का होगा समाधान
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आगामी वर्ष के लिए अपना रोडमैप साझा करते हुए कहा कि 2026 दिल्ली की पुरानी 'लिगेसी' समस्याओं को जड़ से खत्म करने का साल होगा. उन्होंने घोषणा की कि 2026 में दिल्ली के कूड़े के पहाड़ों का अस्तित्व समाप्त कर दिया जाएगा. जो लोग दशकों तक इन पहाड़ों को खड़ा करते रहे, उन्हें सरकार काम के जरिए जवाब देगी. पहले बायोगैस प्लांट की सफलता के बाद अब पूरी दिल्ली में कई नए बायोगैस और ई-वेस्ट प्लांट्स स्थापित करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है.
विज़न 2047 और भविष्य की दिल्ली
अपने संदेश के समापन में मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि दिल्ली सरकार हर नागरिक की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा, "2026 आपके जीवन में नई खुशियां और नया सवेरा लेकर आए. हम सब मिलकर दिल्ली को 2047 के उस स्वरूप की ओर ले जाएंगे, जिसका सपना हर दिल्लीवासी ने देखा है." मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन का अंत 'जय हिंद, जय भारत और जय श्री राम' के उद्घोष के साथ किया, जो आने वाले समय में दिल्ली की सांस्कृतिक और प्रशासनिक दिशा का प्रतीक भी है.
ये भी पढ़ें:

