दिल्ली में डिजिटल जनगणना की प्रक्रिया शुरू, सीएम रेखा गुप्ता ने अपना फॉर्म भरकर जनता से की अपील
दिल्ली में शुक्रवार से डिजिटल जनगणना की प्रक्रिया शुरू, सीएम रेखा गुप्ताऔर स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज सिंह ने खुद अपना जनगणना फॉर्म भरकर दिया संदेश

Published : May 1, 2026 at 8:39 PM IST
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में शुक्रवार से डिजिटल जनगणना की प्रक्रिया शुरू हो गई. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खुद अपना ऑनलाइन जनगणना फॉर्म भरकर जनता से भी सभी सही जानकारी देते हुए अपनी जनगणना कराने की अपील की. मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लोगों से अपील की कि प्रिय दिल्लीवासियों भारत की पहली डिजिटल जनगणना की शुरुआत हो चुकी है. यह हमारे देश की विकास यात्रा का बहुत ही महत्वपूर्ण पड़ाव है. मैंने भी स्व-गणना के माध्यम से अपना फॉर्म भरा है. यह प्रक्रिया बहुत ही सरल है और पूरी तरह सुरक्षित है.
सटीक आंकड़ों के आधार पर ही सही नीतियां बनाना संभव: सीएम ने आगे कहा कि साथियों, सटीक आंकड़ों के आधार पर ही सही नीतियां बनाई जाती हैं. जब डेटा सही होता है, तभी सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच पाता है. चाहे वह बेहतर स्कूल हो, आधुनिक अस्पताल हों या दिल्ली का इंफ्रास्ट्रक्चर. इन सभी की बेहतर योजना के लिए आपकी सही जानकारी बेहद आवश्यक है.
आज स्व-गणना के माध्यम से जनगणना में मैंने अपना विवरण दर्ज किया। यह प्रक्रिया आसान है और पूरी तरह सुरक्षित भी, जिससे हर नागरिक सहजता से इस अभियान से जुड़ सकता है।
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) May 1, 2026
सही जानकारी ही सही नीतियों की नींव बनती है। जब आंकड़े सटीक होते हैं, तभी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचता है और… pic.twitter.com/j2ZfenO1jk
सच्चाई और ईमानदारी के साथ आवश्यक जानकारी देने की अपील: अब आपके पास यह विकल्प है कि आप अपनी जानकारी डिजिटल माध्यम से स्वयं ही दर्ज करा सकते हैं. आप सभी से मेरी विनम्र अपील है कि इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें. मांगी गई सभी आवश्यक जानकारियां पूरी सच्चाई और ईमानदारी के साथ प्रदान करें.आपका एक छोटा प्रयास एक सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में बड़ी भूमिका निभा सकता है. याद रखिए, आपकी भागीदारी ही दिल्ली और देश का भविष्य तय करेगी.


अधिकारियों से की जमीनी स्तर पर सुचारु कार्यान्वयन की अपील : इस दौरान एसडीएम रजत मेहरोत्रा, प्रभारी अधिकारी एस.पी. माली, फील्ड ट्रेनर वीरेंद्र खरब और सुनील सैनी, सुपरवाइजर हवा सिंह के साथ गणनाकर्मी पूनम भी उपस्थित रही. अधिकारियों ने जनगणना के लिए जमीनी स्तर पर सुचारु रूप से कार्यान्वयन, जन-जागरूकता और प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की.

प्रक्रिया अत्यंत सुव्यवस्थित ढंग से संचालित: यह प्रक्रिया अत्यंत सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया गया, जो अधिकारियों और फील्ड टीमों के बीच मजबूत समन्वय को दर्शाता है. स्व-गणना प्रक्रिया सभी नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से अपने पूरे परिवार की जानकारी स्वयं प्रस्तुत करने में सक्षम बनाती है, जिससे डेटा संग्रह में अधिक सटीकता और समावेशिता सुनिश्चित होती है.
ये भी पढ़ें :

