दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने मेधावी विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को किया सम्मानित, 1200 टॉपर्स को लैपटॉप वितरण
शिक्षा और खेल केवल किताबों तक सीमित नहीं, युवा प्रतिभाओं को हर मंच देगी सरकार: सीएम रेखा गुप्ता

Published : March 28, 2026 at 10:32 PM IST
नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को द्वारका के यशोभूमि में आयोजित ‘यशोत्सव 2026 समापन समारोह और पुरस्कार वितरण’ में हिस्सा लिया. इस अवसर पर उन्होंने मेधावी छात्रों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया. मुख्यमंत्री ने दिल्ली सरकार की ओर से शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 1200 टॉप रैंकर्स (छात्र-छात्राओं) को लैपटॉप वितरित किए. साथ ही, दिल्ली खेल महाकुंभ 2025-26 के विजेता खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया. इस खेल आयोजन में हजारों प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई थी.
मुख्यमंत्री ने कक्षा 10वीं और 12वीं के 222 मेधावी छात्रों तथा 34 उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को भी सम्मानित किया. सीएम गुप्ता ने कहा कि यह केवल पुरस्कार वितरण का अवसर नहीं, बल्कि युवा प्रतिभाओं के परिश्रम, समर्पण और उपलब्धियों का उत्सव है. दिल्ली सरकार का उद्देश्य शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में युवाओं को समान अवसर प्रदान करना है ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें. उन्होंने कहा कि सरकार इसी दिशा में 2025-26 में लगभग 9000 कक्षाओं में स्मार्ट बोर्ड लगाए हैं, 275 स्कूलों में कंप्यूटर लैब स्थापित की हैं और 100 स्कूलों में डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की गई हैं, ताकि विद्यार्थी डिजिटल माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकें.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक स्कूल डिजिटल रूप से सुसज्जित हो, जहां स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, लैंग्वेज लैब और आधुनिक पुस्तकालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध हों. विद्यार्थी अपनी स्कूली शिक्षा पूरी कर देश और विदेश के श्रेष्ठ संस्थानों में आगे बढ़ें और भविष्य में राजधानी का नाम रोशन करें. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लागू राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 ने भारतीय शिक्षा प्रणाली को समग्र, समावेशी और भविष्य उन्मुख बनाया है, जिसके सकारात्मक परिणाम आज स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं. दिल्ली सरकार शिक्षा को केवल किताबों तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि उसे डिजिटल, आधुनिक और भविष्य उन्मुख बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है.
यशोत्सव समापन समारोह कार्यक्रम जितना भव्य है, उतना ही उज्ज्वल दिल्ली का भविष्य है। दिल्ली के ये युवा छात्र ही हमारा कल हैं और उनकी उपलब्धियों को आज सम्मानित करने का सौभाग्य मिला।
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) March 28, 2026
बच्चों के बीच पहुंचते ही मन अपने आप भर आता है…यहां हर चेहरा एक कहानी है, हर प्रयास एक सपना है, और… pic.twitter.com/Awx5yUCsoZ
खेल महाकुंभ ने 25 हजार खिलाड़ियों को दिया प्रतिभा दिखाने का मौका
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दिल्ली खेल महाकुंभ के सफल आयोजन की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि इस महाकुंभ ने 25,000 से अधिक खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान किया. उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, संसाधन और प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है. मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन योजना’ के अंतर्गत खिलाड़ियों को पहले चरण में 35 करोड़ रुपये और आज 15 करोड़ रुपये की राशि यानी कुल 50 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है, जिससे उन्हें प्रशिक्षण, संसाधन और आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहयोग मिल सके.
वहीं, शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 1,03,700 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक बजट पेश किया है, जिसमें लगभग 19,000 करोड़ रुपये शिक्षा के लिए रखे गए हैं. इससे साफ है कि सरकार शिक्षा और छात्रों के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है. उन्होंने इस विजन को जमीन पर उतारने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों की सराहना की. उन्होंने कहा कि यशोभूमि केवल एक भव्य स्थल नहीं, बल्कि युवाओं की उपलब्धियों का प्रतीक है.
ओलंपिक पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि में सरकार ने की बढ़ोत्तरी
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली खेल महाकुंभ मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जहां खेलों को प्राथमिकता दी गई है. पहले खेल सीमित संसाधनों तक थे, लेकिन अब 16 मैदानों और स्टेडियमों को खोलने से बड़े स्तर पर भागीदारी संभव हुई है. खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए ओलंपिक पदक विजेताओं के लिए 7 करोड़ रुपये, 5 करोड़ रुपये और 3 करोड़ रुपये तक की पुरस्कार राशि तय की गई है. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं में जीत की भावना विकसित करना है. शिक्षा और खेल को राजनीति नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का आधार माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें:

