ETV Bharat / state

बुराड़ी डीटीओ ऑफिस में अव्यवस्था पर CM रेखा गुप्ता नाराज, अधिकारियों को लगाई फटकार

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री डीटीओ कार्यालय के बाहर कतार में खड़े लोगों के पास पहुंचीं और उनसे बातचीत की.

बुराड़ी डीटीओ ऑफिस में अव्यवस्था पर CM रेखा गुप्ता नाराज
बुराड़ी डीटीओ ऑफिस में अव्यवस्था पर CM रेखा गुप्ता नाराज (दिल्ली सीएम एक्स हैंडल)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : June 2, 2026 at 6:56 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को परिवहन विभाग से संबंधित विभिन्न स्थलों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने बुराड़ी स्थित जिला परिवहन कार्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं और बुनियादी सुविधाओं के अभाव पर कड़ी नाराजगी जताई. इसके साथ ही उन्होंने नागरिकों को सम्मानजनक सेवा प्रदान करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के कड़े निर्देश भी दिए हैं.

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री सीधे डीटीओ कार्यालय के बाहर कतार में खड़े लोगों के पास पहुंचीं और उनसे बातचीत की. भीषण गर्मी में ड्राइविंग लाइसेंस परीक्षण के लिए आए कई नागरिकों ने सीएम को बताया कि उन्हें घंटो बाहर प्रतीक्षा करनी पड़ती है. परिसर में बैठने के लिए कोई पर्याप्त व्यवस्था नहीं है और पीने के साफ पानी का भी अभाव है. लोगों की शिकायतें सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों को खरी-खोटी सुनाई.

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा, सरकारी सेवाएं प्राप्त करने आने वाले नागरिक सम्मान के हकदार हैं. भीषण गर्मी में बुनियादी सुविधाओं के बिना किसी को बाहर खड़ा रखना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने तत्काल प्रभाव से भवन के भीतर ही आधुनिक और पर्याप्त क्षमता वाला प्रतीक्षालय विकसित करने के आदेश दिए. उन्होंने निर्देश दिया कि यहां बैठने की समुचित व्यवस्था, ठंडे पेयजल, पंखे, कूलर और स्वच्छ शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाए.

बुराड़ी बनेगा 'मॉडल परिवहन सेवा केंद्र'

डीटीओ कार्यालय के पुनर्विकास पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल मरम्मत या छोटे-मोटे सुधार से काम नहीं चलेगा. उन्होंने अधिकारियों को एक समग्र मास्टर प्लान तैयार करने का निर्देश दिया. इस प्लान का उद्देश्य पूरे परिसर को एक 'मॉडल परिवहन सेवा केंद्र' के रूप में विकसित करना है. सीएम ने कहा कि इस परिसर में पार्किंग, हरित क्षेत्र, आधुनिक प्रशासनिक कार्यालय और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बुनियादी ढांचे का विकास होना चाहिए. उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी जगह का अधिकतम और व्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि यह दिल्ली के लिए एक मिसाल बनें.

एटीएस से बढ़ेगी फिटनेस जांच की रफ्तार

मुख्यमंत्री ने बुराड़ी में निर्माणाधीन ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (ATS) का भी जायजा लिया. अधिकारियों ने उन्हें बताया कि इस अत्याधुनिक स्टेशन के चालू होने के बाद एक साथ 5 वाहनों की जांच संभव होगी और प्रतिवर्ष 80 से 90 हजार कमर्शियल वाहनों की फिटनेस जांच हो सकेगी. सीएम ने निर्देश दिए कि निर्माण की गुणवत्ता में कोई समझौता न किया जाए और काम तय समय सीमा के भीतर पूरा हो.

रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम पर विशेष जोर

इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि पारंपरिक जल निकासी के बजाय अधिकतम वर्षा जल का उपयोग भूजल पुनर्भरण के लिए किया जाना चाहिए. सीएम ने वर्तमान वाहन निरीक्षण इकाई का भी निरीक्षण किया. उन्होंने पाया कि वहां की अधिकांश संरचनाएं पुरानी हो चुकी हैं. उन्होंने निर्देश दिया कि फिटनेस परीक्षण को अधिक वैज्ञानिक, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए नवीनतम तकनीकों को शामिल किया जाए. सीएम ने कहा कि तकनीक आधारित परीक्षण से न केवल प्रक्रिया में तेजी आएगी, बल्कि सड़क सुरक्षा भी मजबूत होगी.

निरीक्षण के आखिरी चरण में मुख्यमंत्री हेवी मोटर व्हीकल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट पहुंचीं. उन्होंने वहां ड्राइविंग सिमुलेशन कक्ष, तकनीकी प्रयोगशालाओं और कक्षाओं का निरीक्षण किया. प्रशिक्षुओं से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि कुशल और जिम्मेदार चालक सड़क सुरक्षा की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं. उन्होंने संस्थान में मौजूद सिमुलेशन-आधारित प्रशिक्षण की सराहना की और सुझाव दिया कि समय-समय पर स्वतंत्र रूप से प्रशिक्षण की गुणवत्ता का मूल्यांकन किया जाए, ताकि चालकों की दक्षता को और बेहतर बनाया जा सके.

ये भी पढ़ें:

  1. रोहिणी सब-रजिस्ट्रार ऑफिस का हाल देख भड़कीं सीएम रेखा गुप्ता, अधिकारियों को दी चेतावनी
  2. सीएम रेखा गुप्ता की जल आपूर्ति पर समीक्षा बैठक, पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के दिए कई निर्देश
  3. दिल्ली में जल संकट: विधायक सहीराम पहलवान ने सीएम रेखा गुप्ता को लिखी चिट्ठी, मांगी मदद