ETV Bharat / state

आजादपुर की बदहाली देख बिफरीं CM रेखा! PWD और DMRC अधिकारियों की लगाई क्लास

''हमारी सरकार दिल्लीवासियों को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर देने के लिए 24×7 मिशन मोड में कार्य कर रही है.-रेखा गुप्ता, मुख्यमंत्री, दिल्ली सरकार

ग्राउंड जीरो पर उतरीं CM रेखा गुप्ता
ग्राउंड जीरो पर उतरीं CM रेखा गुप्ता (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : April 20, 2026 at 2:19 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: राजधानी की सड़कों और बुनियादी ढांचे की हकीकत जानने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कड़ा रुख अख्तियार किया. मुख्यमंत्री ने आजादपुर मंडी और गुप्ता मार्केट सहित आसपास के क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर विकास कार्यों का जायजा लिया. इस दौरान जमीनी स्तर पर कार्यों की सुस्त रफ्तार और अव्यवस्था देख मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक निर्माण विभाग और दिल्ली मेट्रो के अधिकारियों को मौके पर ही कड़ी फटकार लगाई.

मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान स्पष्ट किया कि सरकार विकास के नाम पर जनता को परेशानी में नहीं डाल सकती. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण स्थलों पर बैरिकेडिंग और डायवर्जन के दौरान स्थानीय नागरिकों के आवागमन का विशेष ध्यान रखा जाए. उन्होंने कहा,

"प्रोजेक्ट्स पूरे होने में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जनता की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देना अधिकारियों का प्राथमिक दायित्व है."

मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तीन टूक शब्दों में निर्देश दिए. उन्होंने कहा सभी प्रोजेक्ट्स निर्धारित डेडलाइन के भीतर अनिवार्य रूप से पूरे हों. कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए और भ्रष्टाचार की कोई गुंजाइश न हो. निर्माण की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी.

सफाई व्यवस्था पर सख्त रुख: विकास कार्यों के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने इलाके में स्वच्छता और कूड़ा प्रबंधन का भी मुआयना किया. गुप्ता मार्केट के पास गंदगी और कचरे के ढेर देख उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई अभियान चलाने और कूड़ा उठान का बेहतर प्रबंधन करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि दिल्ली को स्वच्छ बनाना सरकार का संकल्प है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई अक्षम्य है.

सरकार 24×7 मिशन मोड में कार्य कर रही है

''हमारी सरकार दिल्लीवासियों को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर देने के लिए 24×7 मिशन मोड में कार्य कर रही है. जिन क्षेत्रों को वर्षों तक उपेक्षित रखा गया, वहां अब विकास की नई इबारत लिखी जा रही है. जल्द ही ये कार्य पूरे कर जनता को समर्पित किए जाएंगे''. -रेखा गुप्ता, मुख्यमंत्री, दिल्ली सरकार-

मुख्यमंत्री के औचक दौरे और कड़े तेवरों से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है. मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया है कि वह खुद समय-समय पर 'ऑन ग्राउंड' निरीक्षण करती रहेंगी ताकि फाइलों और हकीकत के बीच का अंतर समाप्त किया जा सके. इस दौरे के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि आजादपुर और उत्तरी दिल्ली के रुके हुए विकास कार्यों में अब तेजी आएगी. बीते सप्ताह सीएम जीएसटी कार्यालय में भी औचक निरीक्षण के लिए सुबह-सुबह पहुंचीं थीं और कर्मचारियों के नदारद रहने पर जमकर भड़की थीं.

ये भी पढ़ें: