दिल्ली ब्लास्ट केस: नूंह के सभी मस्जिद, मदरसे और शिक्षण संस्थानों में चलेगा सर्च अभियान, बाहरी लोगों की भी होगी जांच
Delhi blast case Updates: नूंह की सभी मस्जिदों, मदरसा समेत तमाम शिक्षण संस्थानों को सर्च अभियान चलाया जाएगा.

Published : November 20, 2025 at 10:31 AM IST
नूंह: दिल्ली ब्लास्ट के बाद से फरीदाबाद और नूंह में पुलिस अलर्ट पर है. केंद्रीय जांच एजेंसियों ने भी यहां डेरा डाला हुआ है. दिल्ली ब्लास्ट से जुड़े लोगों पर शिकंजा कसा जा रहा है. जिसके चलते जिले में छापेमारी अभियान जारी है. नूंह पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने सभी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों के साथ बैठक की. जिसमें एसपी ने नूंह की सभी मस्जिदों, मदरसा समेत तमाम शिक्षण संस्थानों को सर्च अभियान चलाने के निर्देश दिए.
नूंह में सभी मस्जिदों और शिक्षण संस्थानों में चलेगा सर्च अभियान: पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने कहा कि "नूंह जिले में किसी भी प्रकार की देश विरोधी या आतंकवादी गतिविधियां ना हो. इस तरह की गतिविधियों में बाहर से आकर रहने वाले लोग और स्थानीय लोगों की संलिप्तता ना मिले. इसके लिए काम करना चाहिए. इसके लिए जिले में जितनी भी मस्जिद, मदरसे या शिक्षण संस्थान हैं. उनकी चेकिंग की जाएगी. इसके अवाला वहां पर बाहर से आकर रहने वाले व्यक्तियों की तलाशी ली जा रही है, ताकि कोई भी व्यक्ति बिना किसी पहचान के ना रह सके."
पुरानी कार खरीदने और बाहरी लोगों की भी होगी चेकिंग: पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने कहा कि "बाहर से आने वाले व्यक्तियों के साथ पुरानी कार या दोपहिया वाहन खरीदने वाले जो लोगों की भी चेकिंग की जा रही है. उनके साथ किराए रहने वाले लोगों का भी सत्यापन किया जाएगा. मकान मालिकों को निर्देश दिए जाएंगे कि बिना पुलिस सत्यापन के किसी को किराये पर कमरा ना दे."
सोशल मीडिया पर रखी जाएगी पैनी नजर: सोशल मीडिया को लेकर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि "क्षेत्र के लोगों से अपील है कि वो जांच एजेंसियों को मदद करें. ताकि गलत लोगों की पहचान की जा सके, जिससे समय रहते उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके. जब भी पुलिस आपसे रिकॉर्ड मांगे, इस रिकॉर्ड को उपलब्ध कराया जाए. जितने भी लोग बाहर से आकर रुकते हैं, उनका पूरा डाटा आपके पास होना चाहिए."
ये भी पढ़ें- हरियाणा में जल्द बन सकती है एंटी टेररिज्म सेल, आतंकी गतिविधियों का करेगी पर्दाफाश

