अमर कॉलोनी नाबालिग हत्याकांड: गुस्साए परिजनों ने किया प्रदर्शन, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
अमर कॉलोनी इलाके में नाबालिग की हत्या के बाद गुस्साए परिजनों ने छतरपुर एनक्लेव में सड़क जाम कर दिया और न्याय की मांग की.

Published : June 2, 2026 at 5:20 PM IST
नई दिल्ली: दक्षिणी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में मामूली विवाद के बाद गोली मारकर घायल किए गए 17 वर्षीय नाबालिग की इलाज के दौरान मौत हो गई. आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने छतरपुर में मुख्य मार्ग जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग की.
कुर्सी टकराने से हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, 26 मई की शाम नाबालिग अपने दोस्तों के साथ अमर कॉलोनी क्षेत्र स्थित एक फास्ट फूड दुकान पर बैठा था. इसी दौरान कुर्सी छूने और टकराने को लेकर कुछ युवकों से उसकी कहासुनी हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के कुछ मिनट बाद आरोपी वापस लौटे और नाबालिग के सिर में गोली मार दी. उसे तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां वह कई दिनों तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करता रहा. आखिरकार 1 जून को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इसके बाद परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए. प्रदर्शनकारियों ने छतरपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहे और लोगों को समझाने का प्रयास करते रहे.
मृतक की बुआ प्रीति ने भावुक होते हुए कहा कि भतीजे की मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है. उनका कहना था कि जिस तरह उनके परिवार ने अपनों को खोने का दर्द झेला है, आरोपियों को भी अपने अपराध की सजा मिलनी चाहिए. वहीं, मृतक की दादी ने भी न्याय की मांग करते हुए कहा कि उनके परिवार का सब कुछ उजड़ गया है. उन्होंने कहा कि उनके पोते का कोई दोष नहीं था, फिर भी उसे गोली मारकर उसकी जान ले ली गई. परिवार अब केवल न्याय चाहता है.
कई आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, इस वारदात में कुल पांच लोग शामिल थे. अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है. मामले की जांच दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है. पुलिस ने पहले मुख्य आरोपी के रूप में 16 वर्षीय एक नाबालिग को ओखला इलाके से पकड़ा था, जिसके पास से एक ऑटोमेटिक पिस्टल भी बरामद की गई थी. इसके अलावा एक अन्य आरोपी जयकुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. क्राइम ब्रांच सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
VIDEO | Delhi teen death: DCP Crime Branch Harsh Indora says, " the incident took place on the 26th at a restaurant in amar colony. the dispute started over a seating arrangement. an argument escalated into a serious fight, eventually leading to a shooting incident. a juvenile boy… pic.twitter.com/V40xLD7B24
— Press Trust of India (@PTI_News) June 2, 2026
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार नाबालिग आरोपी के पिता प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं. आरोपी पर कालकाजी इलाके में हुई एक अन्य फायरिंग घटना में शामिल होने का भी संदेह है. साथ ही, वह खुद को एक राजनीतिक नेता का रिश्तेदार बताता था. इस संबंध में दो महीने पहले एक नेता के नाम के कथित दुरुपयोग को लेकर शिकायत भी दर्ज कराई गई थी. फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.
ये भी पढ़ें-

