ETV Bharat / state

दिल्ली AI समिट में शर्टलेस प्रदर्शन, सुलतानपुर का अरबाज अहमद हिमाचल से गिरफ्तार

दिल्ली में AI समिट के दौरान शर्टलेस प्रदर्शन करने वाले सुलतानपुर के कांग्रेस कार्यकर्ता अरबाज अहमद को शिमला के रिजॉर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया.

Photo Credit: ETV Bharat
दिल्ली रवाना हुई दिल्ली पुलिस की टीम. (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : February 26, 2026 at 4:12 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सुलतानपुर: राजधानी दिल्ली में हुई AI समिट के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शर्टलेस प्रदर्शन के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित एक रिजॉर्ट से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें सुलतानपुर निवासी अरबाज अहमद भी शामिल है. दिल्ली पुलिस की टीम उसको लेकर दिल्ली रवाना हो चुकी है. अरबाज अहमद मूल रूप से जनपद के चांदा थाना क्षेत्र के इन्दौली गांव का रहने वाला है.

शिमला से दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया: अरबाज अहमद सुल्तानपुर शहर के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के घरहां इलाके में किराए के मकान में परिवार के साथ रह रहा था. बताया जा रहा है कि 20 फरवरी 2026 को दिल्ली में हुई AI समिट के दौरान हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की. इस प्रदर्शन के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी. आखिरकार शिमला से उन्हें पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली है.

Photo Credit: ETV Bharat
शर्ट लेस प्रदर्शन में अरबाज भी शामिल था. (Photo Credit: ETV Bharat)

चाचा बोले- अरबाज ने देशहित में आवाज उठाई: अरबाज के सगे चाचा इरफान ने बताया कि गिरफ्तारी की जानकारी उन्हें मीडिया के माध्यम से मिली. सूचना मिलते ही उनके पिता फिरोज अहमद कानूनी प्रक्रिया के लिए दिल्ली रवाना हो गए. परिवार का कहना है कि अरबाज ने देशहित में आवाज उठाई है और यह गिरफ्तारी उनकी विचारधारा को नहीं बदल सकती. अरबाज अहमद एक सक्रिय राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखते हैं.

पिता भी राजनीति में सक्रिय रहे: उनके पिता फिरोज अहमद वर्तमान में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य हैं. उन्होंने 2022 में 188 सुल्तानपुर (शहर) विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था, जहां वे चौथे स्थान पर रहे थे. अरबाज को दिसंबर 2025 में उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस (मध्य जोन) का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया था. वह इससे पहले यूथ कांग्रेस में सुल्तानपुर जिला महासचिव के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं.

एलएलबी की पढ़ाई कर रहा अरबाज: वर्तमान में अरबाज जनपद के एक निजी शिक्षण संस्थान से एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं. उनके चचेरे भाई अनवर खान का कहना है कि अरबाज ने हमेशा किसानों, बेरोजगारों और आम जनता के हक की बात की है. परिवार ने देश की न्यायपालिका और संविधान पर पूरा भरोसा जताया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित की उनकी विचारधारा को किसी भी दबाव में कुचला नहीं जा सकता है.

दिल्ली क्राइम ब्रांच ने पिता से की पूछताछ: 22 फरवरी को शनिवार और रविवार की रात 2 बजे सुलतानुपर कोतवाली पुलिस ने अरबाज के पिता फिरोज अहमद को शहर स्थित किराये के मकान से कस्टडी में ले जाकर शाहगंज पुलिस चौकी पर रखा था. उनसे अरबाज के बारे में पूछताछ की गयी थी. फिरोज अहमद को पुलिस चौकी ले जाने की जानकारी स्थानीय कांग्रेस नेताओं को हुई थी, तो वह शाहगंज पुलिस चौकी पहुंच गए.

रविवार की सुबह 9.30 बजे कोतवाली पुलिस ने फिरोज को छोड़ दिया था. इसके दो घंटे बाद दिल्ली क्राइम ब्रांच पुलिस सुलतानपुर पहुंची थी. पुलिस ने अरबाज के पिता फिरोज अहमद से अरबाज के बारे में पूछताछ की थी.
यह भी पढ़ें- AI समिट में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध-प्रदर्शन, पीएम मोदी के खिलाफ लगाए नारे

यह भी पढ़ें- कांग्रेस के 'शर्टलेस प्रोटेस्ट' पर सियासी घमासान तेज, पीएम मोदी ने कांग्रेस पर बोला हमला, कांग्रेस ने लगाया तानाशाही का आरोप