ETV Bharat / state

रक्षाबंधन से पहले आम जनता को झटका, 10 फीसदी महंगी हुई मिठाई, पिस्ता एक साल में 130 प्रतिशत महंगा

इस त्योहारी सीजन पर आम जनता को महंगाई की मार झेलनी पड़ेगी. मिठाई एसोसिएशन ने बैठक कर मिठाई पर 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की.

Dehradun
10 फीसदी महंगी हुई मिठाई (PHOTO- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : August 25, 2026 at 2:27 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: त्योहारों का सीजन शुरू होने से पहले लोगों को महंगाई का झटका लगा है. मिठाई विक्रेताओं ने मिठाई के दाम बढ़ा दिए हैं. चीनी, देसी घी, काजू, बादाम, पिस्ता और चांदी वर्क समेत मिठाई बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई जरूरी कच्चे माल के दाम पिछले साल के मुकाबले बढ़ गए हैं. देहरादून मिठाई एसोसिएशन की अगस्त 2026 की मूल्य सूची में कई सामान की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. मिठाई एसोसिएशन ने बैठक कर मिठाई पर 10 प्रतिशत बढ़ोतरी का ऐलान किया है. मिठाई के दाम बढ़ने से आम जनता पर सीधा असर पड़ेगा.

चीनी के दाम में करीब 59 फीसदी उछाल: मिठाई कारोबार में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली चीनी की कीमत में एक साल में करीब 59 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. हलवाई समिति के अनुसार, अगस्त 2025 में चीनी 44 रुपए प्रति किलो थी, जो अगस्त 2026 में बढ़कर 70 रुपए प्रति किलो पहुंच गई है. चीनी के दाम बढ़ने का सीधा असर मिठाइयों की उत्पादन लागत पर पड़ रहा है.

रक्षाबंधन से पहले आम जनता को झटका (ETV Bharat)

पिस्ते के दाम में सबसे ज्यादा तेजी: मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाले मेवा के बढ़ते दाम भी कारोबारियों की चिंता बढ़ा रहे हैं. मिठाई एसोसिएशन के मुताबिक, देहरादून में काजू 800 से बढ़कर 1040 रुपए प्रति किलो और बादाम गिरी 670 से बढ़कर 1050 रुपए प्रति किलो हो गई है. सबसे ज्यादा तेजी पिस्ते की कीमत में देखने को मिली है. अगस्त 2025 में 1950 रुपए किलो बिकने वाला पिस्ता अब 4500 रुपए किलो पहुंच गया है. यानी एक साल में पिस्ते के दाम 130 फीसदी से ज्यादा बढ़ गए हैं. इसका असर खास तौर पर पिस्ता और मेवा आधारित महंगी मिठाइयों की लागत पर पड़ने की संभावना है.

घी और बेसन भी हुआ महंगा: मिठाई कारोबार में इस्तेमाल होने वाला देसी घी 620 से बढ़कर 720 रुपए प्रति किलो हो गया है. वनस्पति घी (डालडा) के दाम 140 से बढ़कर 170 रुपए प्रति किलो पहुंच गए हैं. बेसन 80 से बढ़कर 85 रुपए और आटा 32 से बढ़कर 35 रुपए प्रति किलो हो गया है. दूध की कीमत भी 63 से बढ़कर 68 रुपए प्रति किलो दर्ज की गई है. इसके अलावा छोटी इलायची, लाल मिर्च और चांदी वर्क के दाम में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

Dehradun
देहरादून हलवाई समिति ने जारी की कच्चे माल के मूल्य की सूची (PHOTO- ETV Bharat)

कुछ मिठाइयों के रेट में भी बढ़ोतरी: कच्चे माल की बढ़ती कीमतों का असर मिठाइयों की लागत पर दिखाई देने लगा है. मिठाई एसोसिएशन की सूची के मुताबिक, सोहन हलवा 1000 से बढ़कर 1100 रुपए प्रति किलो हो गया है. आटा लड्डू और बेसन लड्डू की कीमत 600 से बढ़कर 680 रुपए प्रति किलो दर्ज की गई है. हालांकि, कच्चे माल के दाम बढ़ने के बावजूद हर मिठाई के बिक्री मूल्य में उसी अनुपात में बढ़ोतरी हो, यह जरूरी नहीं है. मिठाई कारोबारी बढ़ी लागत का कुछ हिस्सा खुद वहन कर सकते हैं या फिर उसका भार ग्राहकों पर डाल सकते हैं.

मिठाई एसोसिएशन अध्यक्ष आनंद गुप्ता ने बताया कि, पिछले दिनों चीनी समेत अन्य समानों के दामों में बढ़ोतरी हुई है. ऐसे में मिठाई विक्रेता नुकसान झेल रहे थे. लेकिन देहरादून में मिठाई एसोसिएशन के जुड़े करीब 120 मिठाई विक्रेताओं के साथ बैठक करने के बाद निर्णय लिया गया है कि मिठाइयों पर 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी. साथ ही मिठाई एसोसिएशन ने निर्णय लिया है कि कुछ भार मिठाई विक्रेता पर और कुछ आम जनता पर पड़ेगा.

मिठाई में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी दिवाली तक रहेगी और अगर कच्चे माल में और अधिक बढ़ोतरी होती है तो दिवाली के आसपास दोबारा से मिठाइयों के दम पर बढ़ोतरी की जाएगी.
-आनंद गुप्ता, अध्यक्ष, मिठाई एसोसिएशन देहरादून-

त्योहारी सीजन में मिठाई एसोसिएशन द्वारा 10 प्रतिशत बढ़ोतरी करने के बाद सीधा असर अब आम जनता पर पड़ेगा. मिठाई की दुकान में आए ग्राहक का कहना है कि मिठाई महंगी होने के बाद अब सीमित मिठाई खरीदनी पड़ेगी और आम जनता की जेब ढीली होगी.

खाद्य पदार्थों की जांच: उधर, त्योहारी सीजन को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है. देहरादून डीएम के निर्देश पर उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह के नेतृत्व में जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जिले के अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों, मिठाई की दुकान और डेयरी प्रतिष्ठानों समेत कैंटीन, रेस्टोरेंट पर छापेमारी कर रही है. टीम विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर नियमों के तहत जांच के लिए लैब भेज रही है. देहरादून डीएम डॉक्टर आशीष चौहान का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से कोई समझोता नहीं किया जाएगा.

ये भी पढ़ें: