रमजान और होली को लेकर एसएसपी का एक्शन, स्थिति बिगड़ने पर क्षेत्र के थाना प्रभारियों पर होगी कार्रवाई
रमजान महीने में आगामी होली पर्व को लेकर पुलिस ने कसी कमर, संवेदनशील इलाकों पर नजर रखने के एसएसपी ने दिए निर्देश.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 25, 2026 at 6:55 PM IST
देहरादून: वर्तमान में चल रहे रमजान के महीने और आगामी होली के पर्व के दौरान किसी भी तरह की अनहोनी न हो, इसको लेकर देहरादून पुलिस ने तैयारी कर ली है. एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों के संवेदनशील स्थानों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों की निगरानी रखने के निर्देश दिए. साथ ही पहले पर्वों के दौरान हुए विवादों की स्टडी करते हुए सुरक्षा के प्रबंध करने के निर्देश दिए है. एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि थाना क्षेत्र में किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने पर संबंधित थाना प्रभारी जिम्मेदार होगा. उस थाना प्रभारी के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया जाएगा.
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों (गजेटेड ऑफिसर) और थाना प्रभारियों के साथ बैठक की. बैठक के दौरान ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत चलाए जा रहे सत्यापन अभियान में सभी संस्थानों, प्रतिष्ठानों, औद्योगिक क्षेत्रों और अन्य स्थानों पर निवासरत बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की कार्रवाई में लापरवाही न करने की हिदायत दी. साथ ही कोताही बरतने थाना प्रभारियों की जवाबदेही तय करते कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी.
चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश: एसएसपी ने कहा कि, सभी सीओ और थाना प्रभारी अपने-अपने सर्किल और क्षेत्रों में नियमित रूप से प्रभावी चेकिंग करें. इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए. साथ ही सभी थाना क्षेत्रों में नियमित चेकिंग प्वाइंट के अलावा अन्य स्थानों पर भी आकस्मिक रूप से चेकिंग अभियान चलाया जाए. चेकिंग के स्थान और समय का निर्धारण संबंधित सीओ और थाना प्रभारी द्वारा किया जाए.
पीक आवर्स के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों, व्यस्ततम मार्गों और चौराहों पर पुलिस की विजिबिलिटी को बढ़ाया जाए. पीक आवर्स के दौरान सभी सीओ और थाना प्रभारी थाना क्षेत्र के व्यस्तम मार्गों और चौराहों पर खुद उपस्थित रहकर प्रभावी चेकिंग करें.
अपराधियों को चिन्हित करने के निर्देश: सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में संगठित अपराधों में शामिल अपराधियों को चिन्हित करते हुए उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें निरुद्व करें. इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए. यदि गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई के बाद भी ऐसे आरोपियों को निरुद्व करने में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित थाना प्रभारी के साथ-साथ सीओ की जवाबदेही भी तय की जाएगी.
ईनामी आरोपियों की समीक्षा के दौरान सभी थाना प्रभारियों को ईनामी आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
वर्तमान में चल रहे रमजान के महीने में आगामी होली पर्व को लेकर सभी सीओ और थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में नजर बनाए रखने के लिए निर्देशित कर दिया गया है.
-प्रमेंद्र डोबाल, एसएसपी देहरादून-
ये भी पढ़ें:

