बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को धमकी देने वाला युवक ट्रैक, पुलिस ने बुलाया देहरादून
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को धमकी देने वाला युवक चिन्हित, दून पुलिस ने युवक को किया तलब, युवक ने वीडियो भेजकर स्वीकारी गलती

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : December 29, 2025 at 6:11 PM IST
देहरादून: बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट को जान से मारने की धमकी देने वाले युवक को पुलिस ने ट्रैक कर लिया है. आरोपी युवक कर्नाटक का रहने वाला बताया जा रहा है. जिसे पुलिस ने पूछताछ के लिए देहरादून बुलाया है.
महेंद्र भट्ट को मिली थी धमकी: बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने खुद को जान से मारने की धमकी देने के संबंध में एसएसपी को एक शिकायती पत्र दिया था. जिसमें महेंद्र भट्ट की ओर से बताया गया कि एक अज्ञात मोबाइल नंबर से रविवार को उनके निजी फोन नंबर पर कॉल किया गया. जिसमें लगातार गाली गलौज और अपशब्द का इस्तेमाल किया गया. साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई.
महेंद्र भट्ट का कहना था कि उन्होंने फोन करने वाले शख्स को कई बार समझाया कि इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना गलत है. बावजूद इसके अज्ञात नंबर से उन्हें लगातार निजी नंबर पर कॉल कर अपशब्द कहे गए. उनका कहना था कि कॉल करने वाला शख्स शायद किसी राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर इस तरह की हरकत कर रहा था.
महेंद्र भट्ट की मानें तो कॉल करने वाला शख्स काफी उत्तेजित स्वभाव का प्रतीत हो रहा था. उनका कहना था कि इससे राजनीतिक छवि धूमिल होने के साथ ही उनके जीवन को खतरा भी हो सकता है. आरोपी शख्स जिस तरह से अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रहा था, वो काफी अनुचित और भ्रामक थी.
ऐसा भी प्रतीत होता है कि किसी राजनीतिक प्रतिद्वंदी की ओर से कॉल करने वाले शख्स को उकसा कर ये कॉल करवाई गई है. लिहाजा, उन्होंने पुलिस से मोबाइल नंबर धारक या आरोपी शख्स की पहचान कर उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया है. जिसके बाद थाना कैंट में शिकायत दर्ज के आधार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया.
"बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का एक पत्र थाना कैंट को मिला था, जिसमें एक नंबर से कॉल कर जान से मारने और अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप था. शिकायत के आधार अज्ञात के खिलाफ थाना कैंट में मुकदमा दर्ज किया गया. अब युवक को ट्रैक कर लिया गया है. युवक कनार्टक का रहना वाला है."- अजय सिंह, एसएसपी, देहरादून
वहीं, पुलिस की मानें तो युवक ने एक वीडियो भेजकर गलती स्वीकारी है. साथ ही भविष्य में ऐसा न करने की बात कही है. इसके बावजूद पुलिस ने उसके देहरादून तलब किया है. ताकि, उससे पूछताछ कर इसके पीछे की वजह जानी जा सके.
"युवक की ओर से एक वीडियो भी भेजी गई है, जिसमें युवक ने गलतफहमी में ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करने की बात कही है. साथ ही कहा कि भविष्य में वो ऐसा नहीं करेगा. फिलहाल, पुलिस ने युवक को तलब किया है. युवक से पूछताछ की जाएगी कि किन परिस्थितियों में ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया."- अजय सिंह, एसएसपी, देहरादून
संबंधित खबर पढ़ें-

