हुड़दंगी छात्रों पर दून पुलिस का 'प्रहार', 98 स्टूडेंट्स पर बड़ा एक्शन, जानिए डिटेल
अलग-अलग शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत 98 छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई है

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 25, 2026 at 8:43 PM IST
देहरादून: पढ़ाई की आड़ में हुड़दंग और आपराधिक गतिविधियों में शामिल छात्रों के खिलाफ दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने अलग-अलग शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले 98 छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट संबंधित संस्थानों को भेजी है. पुलिस रिपोर्ट के आधार पर अब तक 84 छात्रों को निलंबित और 4 छात्रों को निष्कासित किया जा चुका है.
'ऑपरेशन प्रहार' के तहत कार्रवाई: दून पुलिस की ओर से जनपद में कानून व्यवस्था मजबूत बनाए रखने और शिक्षण संस्थानों में अनुशासन कायम रखने के लिए 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस के मुताबिक,हुड़दंग,मारपीट,नशाखोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले छात्रों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. इसके साथ ही ऐसे छात्रों की सूची तैयार कर उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों और प्राप्त शिकायतों का डिटेल संबंधित विश्वविद्यालय और शिक्षण संस्थानों को भेजा जा रहा है. पुलिस ने संस्थानों से नियम अनुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की संस्तुति की है.
98 छात्रों पर कार्रवाई की संस्तुति: पुलिस के अनुसार, अब तक अलग-अलग शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत 98 छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई है. इनमें से 84 छात्रों के निलंबन और 4 छात्रों के निष्कासन की कार्रवाई संबंधित शिक्षण संस्थानों की ओर से की जा चुकी है.
बाहरी छात्रों की पृष्ठभूमि की जांच: एसएसपी देहरादून के निर्देश पर शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत बाहरी छात्रों की पृष्ठभूमि की भी जांच की जा रही है. पुलिस उनकी गतिविधियों पर भी लगातार नजर रख रही है,ताकि किसी छात्र के आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की स्थिति में समय रहते कार्रवाई की जा सके.
एसएसपी की छात्रों को दो टूक: एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने स्पष्ट संदेश दिया है कि छात्र जीवन भविष्य निर्माण का समय है और इसे आपराधिक गतिविधियों में शामिल होकर बर्बाद न करें. पुलिस ने चेतावनी दी है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने या किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर छात्रों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. साथ ही पढ़ाई की आड़ में हुड़दंग और आपराधिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
पढ़ें---
- देहरादून की सड़कों पर शाम ढलते ही बढ़ रहा 'उत्पात'! क्यों एजुकेशन सिटी में लापरवाह हो रहे युवा?
- देहरादून में माहौल बिगाड़ने वाले छात्रों पर होगी सख्ती, गुटबाजी-हिंसा पर गृह विभाग सख्त, संचालक भी होंगे जिम्मेदार
- क्राइम कैपिटल बन रहा देहरादून! चौंका रहे अपराध के आंकड़े, गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा रही शांत वादियां
- शांत देहरादून में बढ़ती बेचैनी, अपराधियों से असुरक्षित महिलाएं और बुजुर्ग, ग्राउंड रिपोर्ट
- देहरादून की सड़कों पर बढ़ रहा छात्रों का 'उत्पात', जानिए शिक्षा नगरी में क्यों बढ़ रही हिंसा?

