देहरादून पासपोर्ट कार्यालय को मिली बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने खंगाला पूरा दफ्तर
देहरादून पासपोर्ट कार्यालय को ई मेल के जरिए मिली बम से उड़ाने की धमकी, डॉग स्क्वाड और बम डिस्पोजल स्क्वाड ने संभाला मोर्चा

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : March 2, 2026 at 10:00 PM IST
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित पासपोर्ट कार्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ई मेल के जरिए पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली. जिस पर आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस के कान खड़े गए. पुलिस के आला अधिकारी तत्काल डॉग स्क्वाड और बम डिस्पोजल स्क्वाड के साथ मौके पर पहुंचे. जहां उन्होंने पूरे परिसर में सर्च अभियान चलाया, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिला.
देहरादून पासपोर्ट ऑफिस को मिली थी उड़ाने की धमकी: जानकारी के मुताबिक, सोमवार यानी 2 मार्च को देहरादून पासपोर्ट ऑफिस से पुलिस को एक सूचना मिली. जिसमें बताया गया कि अज्ञात व्यक्ति ने ई मेल भेजकर पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी दी. यह सूचना मिलते ही देहरादून वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेद्र डोबाल के निर्देश पर पुलिस के उच्चाधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे. जहां उन्होंने मोर्चा संभालते हुए डॉग स्क्वाड और बम डिस्पोजल स्क्वाड को मौके पर बुलाया गया.

डॉग स्क्वाड और बीडीएस ने खंगाला पूरा परिसर: मौके पर पुलिस ने तत्काल पासपोर्ट ऑफिस परिसर को खाली कराया. जिसके बाद डॉग स्क्वाड और बीडीएस यानी बम निरोधक दस्ते की टीम के साथ पूरे परिसर को खंगाला. इस दौरान हर चीज की बारीकी से चेकिंग की गई, लेकिन चेकिंग के दौरान टीम को किसी भी प्रकार की कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई. जिसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली.

तमाम जिला न्यायालयों को मिल चुकी धमकी: बता दें कि पिछले महीने एक के बाद एक मेल के जरिए उत्तराखंड के तमाम जिला न्यायालयों को उड़ाने की धमकी दी गई थी. जिसका सिलसिला नैनीताल जिला न्यायालय से शुरू हुआ था. जो उत्तरकाशी, टिहरी, हरिद्वार, देहरादून समेत तमाम जिला न्यायालयों तक पहुंचा. इतना ही नहीं नैनीताल हाईकोर्ट परिसर को उड़ाने की धमकी मिली थी. हालांकि, जांच में ऐसा कुछ भी नहीं मिला. जो संदिग्ध और विस्फोटक हो. इस मामले में जांच जारी है.
ये भी पढ़ें-
- लक्सर रेलवे स्टेशन पर बम की सूचना से अफरा-तफरी, झूठी जानकारी देने पर युवक गिरफ्तार
- उत्तराखंड हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, चीफ जस्टिस को आया ईमेल
- हरिद्वार जिला न्यायालय को भी मिली उड़ाने की धमकी, पुलिस प्रशासन के कान हुए खड़े
- देहरादून कोर्ट को उड़ाने की धमकी मामले में मुकदमा दर्ज, एसएसपी ने पैदल भ्रमण कर परखी सुरक्षा व्यवस्था
- सुशीला तिवारी अस्पताल को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मौके पर पुलिस फोर्स तैनात

