देहरादून में संकटमोचक बनेगी 'क्विक रिस्पॉन्स टीम', एक कॉल पर मलबे से लेकर जलभराव होगा दूर, जानें टोल फ्री नंबर
स्मार्ट सिटी की दिशा में शहर के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीमों को तैयार किया गया है. इन वाहनों की अलग-अलग स्थानों पर तैनाती रहेगी.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : July 3, 2026 at 6:22 PM IST
देहरादून: शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और आपदा की परिस्थितियों में जल्द राहत उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम देहरादून ने आज क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) का शुभारंभ किया. इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री शहरी विकास राम सिंह कैड़ा और मेयर सौरभ थपलियाल ने QRT वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
क्विक रिस्पॉन्स टीम वाहनों को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात किया गया है. इस बेड़े में कुल पांच वाहन हैं. QRT की हर गाड़ी में 6 प्रशिक्षित कर्मचारी और 1 सुपरवाइजर की टीम तैनात रहेगी जो शहर में आपातकालीन स्वच्छता सेवाओं, प्राकृतिक और मानवजनित आपदाओं के दौरान तुरंत कार्रवाई करेगी. इसके साथ ही विशेष परिस्थितियों में तत्काल राहत और सफाई व्यवस्था करेंगी.
हर क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी और जल्द कार्रवाई करने के लिए आवश्यक आधुनिक उपकरण और संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं. टीम को ग्रास कटिंग मशीन, बेलचा, फावड़ा, गैंती, सब्बल, झाड़ी काटने वाली तलवार, कुल्हाड़ी, रस्सियां, सुरक्षा उपकरण सहित अन्य आवश्यक स्वच्छता और आपदा प्रबंधन उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की जा सके.

QRT के मुख्य काम-
- QRT के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं या प्राकृतिक आपदाओं के बाद मलबा एवं कचरा हटाने का काम किया जाएगा.
- जलभराव और नालियों की आपात सफाई, सार्वजनिक स्थलों की विशेष स्वच्छता, विशेष आयोजनों के दौरान अतिरिक्त सफाई व्यवस्था.
- आग अथवा अन्य आपदा की स्थिति में आवश्यक स्वच्छता सहायता और अन्य आकस्मिक स्वच्छता संबंधी शिकायतों का जल्द समाधान किया जाएगा.
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने नगर निगम देहरादून द्वारा शुरू की गई QRT को आपातकालीन स्वच्छता सेवाएं प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया.
यह सेवा शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ आपदा और विशेष परिस्थितियों में जल्द कार्रवाई करेगी. नागरिकों को जल्द राहत प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
- राम सिंह कैड़ा, कैबिनेट मंत्री -
अधिक जानकारी देते हुए नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने बताया, नागरिकों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 1800-180-4571 जारी किया गया है, जिस पर संपर्क कर QRT सेवा का लाभ लिया जा सकता है. नगर निगम देहरादून ने नागरिकों से अपील की है कि आपातकालीन स्वच्छता संबंधी किसी भी समस्या अथवा विशेष परिस्थिति में टोल फ्री नंबर पर संपर्क कर QRT सेवा का लाभ उठाएं.
पढ़ें---

