ETV Bharat / state

देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर आपत्तिजनक संदेश मामला, हिंदू रक्षा दल ने ली जिम्मेदारी

हिंदू रक्षा दल ने एलिवेटेड रोड की साइड दीवार पर संदेश लिखे जाने की जिम्मेदारी ली है. उन्होंने इसकी वजह बताई है.

DEHRADUN DELHI EXPRESSWAY
देहरादून दिल्ली एक्सप्रेसवे (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 27, 2026 at 6:01 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: उत्तराखंड में देहरादून दिल्ली एक्सप्रेसवे पर एक धर्म विशेष को लेकर लिखे गए आपत्तिजनक संदेशों का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. यह इलाका उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है. इस पूरे मामले की जिम्मेदारी हिन्दू रक्षा दल ने ली है. वहीं, बिहारीगढ़ थाना पुलिस ने वीडियो के आधार पर केस दर्ज कर लिया है.

एलिवेटेड रोड पर लिखे गए विवादित संदेश: वायरल वीडियो में कुछ महिलाएं मोहंड क्षेत्र के पास बने एलिवेटेड रोड की साइड दीवार पर पेंट से संदेश लिखती दिखाई दे रही हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क किनारे महिलाएं धर्म विशेष के खिलाफ कुछ विवादित शब्द हिंदी और अंग्रेजी में लिख रही हैं. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. मामला तेजी से चर्चा में आ गया. कई लोगों ने इसे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश बताया.

संगठन ने ली जिम्मेदारी, बयान से बढ़ा विवाद: इस पूरे प्रकरण में हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा ने मीडिया के सामने आकर बयान दिया है. उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश में एक हिंदू छात्र के साथ कथित रूप से गैर हिंदू युवक द्वारा किए गए कृत्य को लेकर संगठन और कार्यकर्ताओं में आक्रोश था. उनका कहना है कि पीड़ित के गांव से लौटते समय कार्यकर्ताओं ने एलिवेटेड रोड पर लिखा जो उनके अनुसार सही था. ललित शर्मा ने कहा कि कुछ लोग देश में रहकर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं. वे सरकारी सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं. उनके इन बयानों के बाद विवाद और गहरा गया है.

वायरल वीडियो में दिखी लाल कार: इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया गया है. वीडियो में एक लाल रंग की कार स्पदिखाई दे रही है. कार का रजिस्ट्रेशन नंबर भी वीडियो में दिख रहा है. जब इस नंबर के आधार पर आरटीओ कार्यालय से जानकारी लेने की कोशिश की गई तो पता चला कि वाहन अभी भी सोहेल खान नाम के व्यक्ति के नाम पर दर्ज है. कार के रजिस्ट्रेशन में दर्ज मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर सोहेल खान ने बताया कि यह कार पहले उनकी थी. कुछ दिन पहले उन्होंने देहरादून में इसे बेच दिया है. सोहेल का दावा है कि उन्होंने वाहन बेचने की प्रक्रिया पूरी कर दी थी. आगे की ट्रांसफर प्रक्रिया खरीददार द्वारा कराई जानी थी.

ललित शर्मा ने माना कार उन्होंने खरीदी: जब इस संबंध में हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा से बातचीत की गई तो उन्होंने स्वीकार किया कि संबंधित कार उन्होंने ही खरीदी है. उन्होंने कहा संगठन के कार्यकर्ता उसी कार से मौके पर पहुंचे थे.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी: घटना के सामने आने के बाद बिहारीगढ़ थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जांच तेज कर दी है. बिहारीगढ़ थाना प्रभारी अक्षय शर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा प्रकरण संज्ञान में आते ही तत्काल एफआईआर दर्ज की गई है. वीडियो की सत्यता और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. वाहन से संबंधित तथ्यों की भी जांच की जा रही है. कानून व्यवस्था प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

पढे़ं-