ETV Bharat / state

लखनऊ छावनी को 100.92 करोड़ की परियोजनाओं की मिलेगी सौगात, दिलकुशा ग्राउंड में बनेगा खेल परिसर

भू रक्षा संपदा की प्रधान निदेशक भावना सिंह ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस में दी जानकारी.

Etv Bharat
Etv Bharat (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : August 27, 2026 at 10:48 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ : रक्षा मंत्रालय ने लखनऊ छावनी में लगभग 100.92 करोड़ रुपये की कुल स्वीकृत लागत से 14 महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है. इन परियोजनाओं का उ‌द्देश्य स्वच्छता, जलापूर्ति, शिक्षा, खेल, पर्यावरण संरक्षण एवं यातायात के क्षेत्र में आधुनिक और बेहतर सुविधाएं डेवलप करना है. इन महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 30 अगस्त को करेंगे. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहेंगे. लखनऊ छावनी स्थित दिलकुशा लॉन में आयोजन किया जाएगा.

भू रक्षा संपदा की प्रधान निदेशक भावना सिंह ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि एक से डेढ़ साल के अंदर सभी परियोजनाएं पूरी हो जाएंगी, जिसका लाभ सिर्फ छावनी के निवासियों को ही नहीं, लखनऊ के नागरिकों के साथ ही उत्तर प्रदेश के लोगों को भी मिलेगा.

उन्होंने बताया कि 100 करोड़ से ज्यादा की लागत की इन परियोजनाओं में दो कंपनियों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश सरकार और रक्षा मंत्रालय ने सहयोग किया है. दोनों कंपनी की तरफ से 10-10 करोड़ और प्रदेश सरकार की तरफ से 10 करोड़ रुपये परियोजनाओं के लिए उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि 70 करोड़ रुपये रक्षा मंत्रालय की तरफ से खर्च किए जा रहे हैं.



उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के लिए 9.90 करोड़ रुपये की लागत से ट्रेंचिंग ग्राउंड, सुल्तानपुर रोड पर आधुनिक तकनीक आधारित जीरो वेस्ट सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट की स्थापना की जाएगी.

18.95 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 4.25 लाख टन लीगेसी वेस्ट का बायो-माइनिंग एवं बायो-रीमेडिएशन किया जाएगा. इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ भूमि के पुनः उपयोग का मार्ग भी प्रशस्त होगा.

उन्होंने बताया कि खेल सुविधाओं के विकास के लिए 9.85 करोड़ रुपये की लागत से दिलकुशा ग्राउंड में बहुउपयोगी खेल परिसर बनेगा. 9.08 करोड़ रुपये की लागत से पिपराघाट में आधुनिक शवदाह गृह का निर्माण कराया जाएगा.

प्रधान निदेशक भावना सिंह ने बताया कि जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 3.68 करोड़ रुपये की लागत से 1500 KL क्षमता का भूमिगत जलाशय, 10.31 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 26 किलोमीटर पुरानी और जर्जर पाइपलाइनों का प्रतिस्थापन, 9.99 करोड़ रुपये की लागत से आठ नए ट्यूबवेल का निर्माण और 4.90 करोड़ रुपये की लागत से दो ओवरहेड टैंकों का निर्माण किया जाएगा.

उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं से जलापूर्ति व्यवस्था अधिक सुदृढ़ और आधुनिक होगी. इन परियोजनाओं के लिए रक्षा मंत्रालय धनराशि उपलब्ध करा रहा है. शिक्षा और समावेशन के क्षेत्र में 2.59 करोड़ रुपये की लागत से दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष विद्यालय और 6.02 करोड़ रुपये की लागत से माध्यमिक और प्राथमिक विद्यालय व रेनबो मॉडल स्कूल में अतिरिक्त कक्षाओं, शौचालयों व भवन सुधार कार्य स्वीकृत किए गए हैं.

उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं के लिए रक्षा मंत्रालय धनराशि उपलब्ध करा रहा है. सदर बाजार में बढ़ती पार्किंग और यातायात की समस्या के समाधान के लिए 15.64 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिली रोबोटिक कार पार्किंग और कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा. इन परियोजना के लिए रक्षा मंत्रालय धनराशि दे रहा है.

यह भी पढ़ें :