रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का उदयपुर दौरा आज, भूपाल नोबल्स यूनिवर्सिटी के स्थापना दिवस समारोह में होंगे शामिल
समारोह में उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी, कुंभलगढ़ विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़ और राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ शामिल होंगी.

Published : January 1, 2026 at 1:40 PM IST
उदयपुर: देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को मेवाड़ के दौरे पर रहेंगे. उदयपुर में विद्या प्रचारिणी सभा भूपाल नोबल्स संस्थान का 104वां स्थापना दिवस है. वे इसके समारोह में मुख्य अतिथि होंगे. समारोह का आयोजन महाराणा प्रताप खेल मैदान पर सुबह 11 बजे से होगा.
संस्थान के कार्यवाहक अध्यक्ष प्रो. शिवसिंह सारंगदेवोत ने बताया कि समारोह में संस्थान के उन सदस्यों को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड–2026 से सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने भूपाल नोबल्स को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ-साथ खेल जगत में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है. इस अवसर पर उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी, राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ और कुंभलगढ़ विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे.
कार्यक्रम की अध्यक्षता मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य एवं नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ करेंगे. प्रो. सारंगदेवोत ने बताया कि वर्ष 1923 में स्थापित भूपाल नोबल्स संस्थान ने अपने 103 वर्षों के सफर में राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाई है. यहां से निकले विद्यार्थियों ने शिक्षा के साथ-साथ सेना और प्रशासनिक सेवाओं में भी देश का नाम रोशन किया है.
यह भी पढ़ें: राज्यपाल बागडे ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को किया याद, मेवाड़ को बताया शूरवीरों की धरती
संस्थान के रजिस्ट्रार डॉ. एनएन सिंह ने बताया कि 7 जनवरी को भूपाल नोबल्स विश्वविद्यालय का दूसरा दीक्षांत समारोह होगा, जिसमें राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे मुख्य अतिथि होंगे. इस दौरान 99 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि, 47 मेधावी विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल और स्नातक-स्नातकोत्तर डिग्रियां प्रदान की जाएंगी. खेल गतिविधियों के विस्तार पर प्रकाश डालते हुए वित्त सचिव शक्ति सिंह कारोही ने बताया कि 3 से 6 फरवरी तक वेस्ट जोन बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभर से 1000 से अधिक खिलाड़ी, कोच और मैनेजर भाग लेंगे.

