ETV Bharat / state

जींद में गरजे सांसद दीपेन्द्र हुड्डा, बोले- "हरियाणा की नौकरियों पर बाहरी लोगों का कब्जा, छीना जा रहा युवाओं का हक"

दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा सरकार पर मनरेगा कमजोर करने, भर्ती में भेदभाव और बेरोजगारी के कारण युवाओं के पलायन का आरोप लगाया.

Deepender Singh Hooda Alleges Job Bias in Haryana
जींद में गरजे सांसद दीपेन्द्र हुड्डा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 25, 2026 at 11:08 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

जींद: जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला किया. हुड्डा ने कहा कि, "सरकार मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को कमजोर करने की साजिश रच रही है. यह योजना गरीब और जरूरतमंद वर्ग के लिए जीवनरेखा है, लेकिन बजट में कटौती और प्रक्रियात्मक बाधाओं के जरिए इसे निष्प्रभावी बनाने की कोशिश की जा रही है." उन्होंने इसे सामाजिक न्याय के खिलाफ कदम बताया.

एचपीएससी भर्तियों में बाहरी उम्मीदवारों का वर्चस्व: सांसद ने हरियाणा लोक सेवा आयोग की भर्तियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि, "ग्रुप ए और बी की नौकरियों में बड़ी संख्या में अन्य राज्यों के उम्मीदवार चयनित हो रहे हैं. बार-बार जारी हो रही चयन सूचियों में हरियाणा के युवाओं की भागीदारी नगण्य है. यहां तक कि आयोग के अध्यक्ष भी प्रदेश से बाहर के हैं, जो राज्य की प्रतिभा पर प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है."

"हरियाणा की नौकरियों पर बाहरी लोगों का कब्जा, छीना जा रहा युवाओं का हक" (ETV Bharat)

आरक्षित वर्गों के साथ अन्याय का आरोप: दीपेंद्र हुड्डा ने आगे कहा कि, "जिन वर्गों को आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए, उनके साथ भी अन्याय हो रहा है. डीएससी वर्ग के लिए आरक्षित 60 सीटों में से केवल एक का चयन होना गंभीर सवाल खड़े करता है. यह बैकडोर से आरक्षण व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश है, जिससे सामाजिक संतुलन प्रभावित हो रहा है."

बेरोजगारी से मजबूर युवा और ‘डंकी रूट’ का खतरा: हुड्डा ने कहा कि, "प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी के कारण युवा विदेशों में अवैध तरीकों से जाने को मजबूर हो रहे हैं. ‘डंकी रूट’ के जरिए पलायन की घटनाएं चिंताजनक हैं. जहां एक ओर हरियाणा के युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, वहीं प्रदेश की नौकरियां अन्य राज्यों के उम्मीदवारों को दी जा रही हैं. इससे युवाओं में निराशा और असंतोष बढ़ रहा है."

भाजपा सरकार पर जनविरोधी होने का आरोप: वहीं, सभा को संबोधित करते हुए दीपेन्द्र हुड्डा ने भाजपा सरकार को जनविरोधी बताते हुए कहा कि, "सरकार ने जनभावनाओं के विपरीत कार्य किया है. प्रदेश में राजनीतिक माहौल कांग्रेस के पक्ष में है और भाजपा ने सत्ता बचाने के लिए नेतृत्व परिवर्तन जैसे कदम उठाए. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के संकल्प के साथ आगे बढ़ें तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं."

ये भी पढ़ें:IDFC First बैंक घोटाला: मास्टरमाइंड रिभव ऋषि समेत 4 गिरफ्तार, हरियाणा विजिलेंस ने देर रात की कार्रवाई