बीजेपी नहीं चाहती झीरम हमले की निष्पक्ष जांच, इसलिए नहीं मिला पीड़ितों को इंसाफ- दीपक बैज
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने झीरम हमले की बरसी पर बीजेपी को घेरा है. उन्होंने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : May 25, 2026 at 8:40 PM IST
सूरजपुर: छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज सोमवार को सूरजपुर के दौरे पर पहुंचे. यहां पर उन्होंने झीरम हमले को लेकर बीजेपी सरकार पर अटैक किया है. दीपक बैज ने कहा कि बीजेपी नहीं चाहती की झीरम हमले की निष्पक्ष जांच हो. इसी कारण आज तक पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिल पाया है. उन्होंने आरोप लगाया कि जांच को लगातार प्रभावित किया जा रहा है.
कई वर्ष हो गए झीरम का सच नहीं आया सामने- दीपक बैज
दीपक बैज ने कहा कि झीरम घाटी हमला छत्तीसगढ़ और कांग्रेस पार्टी के लिए बेहद दर्दनाक घटना थी, जिसमें कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की जान गई थी. उन्होंने कहा कि घटना के इतने वर्षों बाद भी आज तक यह साफ नहीं हो पाया कि हमले के पीछे असली जिम्मेदार कौन थे. इसकी वजह है कि झीरम हमले की जांच अब तक नहीं हो पाई है.
अब कई बड़े नक्सली नेता आत्मसमर्पण कर चुके हैं, ऐसे में सरकार को उनसे पूछताछ कर पूरे मामले का खुलासा करना चाहिए. यदि सरकार गंभीर है तो नक्सलियों से होने वाली पूछताछ का लाइव टेलीकास्ट कराया जाए ताकि जनता भी सच जान सके. भाजपा सरकार इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होने देना चाहती और राजनीतिक कारणों से जांच को प्रभावित किया जा रहा है- दीपक बैज, पीसीसी चीफ
एनआईए पर दीपक बैज के सवाल
दीपक बैज ने कहा कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी एनआईए ने अपनी जांच रिपोर्ट कांग्रेस पार्टी को उपलब्ध नहीं कराई, जिससे कई सवाल खड़े होते हैं. झीरम हमले के पीड़ित परिवार और कांग्रेस कार्यकर्ता आज भी न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं. भाजपा के कुछ नेताओं की भूमिका संदिग्ध होने के की वजह से यह जांच सही दिशा में आगे नहीं बढ़ पा रही है.

