जेएससीए की वार्षिक आमसभा की बैठक, एसबी सिंह की सदस्यता खत्म करने के फैसले पर मुहर
रांची में जेएससीए की वार्षिक आमसभा की बैठक हुई. जिसमें कई अहम फैसले लिये गये. चंदन भट्टाचार्य की रिपोर्ट.

Published : August 30, 2026 at 6:59 PM IST
रांचीः झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) की वार्षिक आमसभा की बैठक रविवार को रांची स्थित जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में आयोजित हुई. बैठक में एसोसिएशन के करीब 400 सदस्य शामिल हुए.
जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव इस बैठक की अध्यक्षता की. इस दौरान पिछले एक साल के कामकाज, वित्तीय मामलों और क्रिकेट से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई. बैठक में एस.बी. सिंह को एसोसिएशन की सदस्यता से निष्कासित करने के कमेटी ऑफ मैनेजमेंट के फैसले की भी पुष्टि कर दी गई.

बैठक में उपाध्यक्ष संजय पांडेय, मानद सचिव सौरभ तिवारी, मानद कोषाध्यक्ष अमिताभ घोष और मानद संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम के अलावा कमेटी ऑफ मैनेजमेंट के अन्य सदस्य मौजूद रहे. राज्य के अलग-अलग हिस्सों से करीब 400 सदस्य वार्षिक आमसभा (AGM) में शामिल होने पहुंचे.
इस बैठक के दौरान पिछले वार्षिक आमसभा की कार्यवाही को सदस्यों ने मंजूरी दी. इसके साथ ही 25 अगस्त 2026 को आयोजित स्पेशल जनरल मीटिंग की कार्यवाही की भी पुष्टि की गई. वित्तीय वर्ष 2025-26 का ऑडिटेड स्टेटमेंट ऑफ अकाउंट्स सदन के सामने रखा गया, जिसे सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया.
बैठक में झारखंड हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस वीरेंद्र सिंह को जेएससीए का ओम्बड्समैन और एथिक्स ऑफिसर नामित किया गया. यह जिम्मेदारी मिलने के बाद एसोसिएशन में प्रशासनिक और नैतिक मामलों से जुड़े मुद्दों की निगरानी के लिए एक महत्वपूर्ण व्यवस्था तैयार हुई है.

वहीं, बैठक का सबसे अहम मुद्दा एस.बी. सिंह की सदस्यता से जुड़ा रहा. कमेटी ऑफ मैनेजमेंट की ओर से पिछले वर्ष एस.बी. सिंह को एसोसिएशन की सदस्यता से निष्कासित करने का निर्णय लिया गया था. AGM में इस फैसले को सदस्यों के सामने रखा गया और सदस्यों ने इसकी पुष्टि कर दी. इसके साथ ही एस.बी. सिंह की JSCA सदस्यता समाप्त करने के फैसले को AGM की मंजूरी मिल गई.

JSCA के मानद सचिव सौरभ तिवारी ने कहा कि एसोसिएशन ने पिछले एक वर्ष के दौरान कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं और AGM में कमेटी ऑफ मैनेजमेंट के फैसलों की सदस्यों ने पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि संगठन के नियमों और व्यवस्था के अनुसार लिए गए निर्णयों को आगे भी प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा.

सौरभ तिवारी ने AGM में झारखंड क्रिकेट की पिछले सत्र की उपलब्धियों की भी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि झारखंड की टीम ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में चैंपियन बनने की उपलब्धि हासिल की है. इसके अलावा विभिन्न टीमों और खिलाड़ियों के प्रदर्शन का भी उल्लेख किया गया.
बैठक में आगामी क्रिकेट सत्र के लिए झारखंड की पुरुष और महिला टीमों के चयनकर्ताओं के नामों की घोषणा भी की गई. इसके साथ ही पिछले वर्ष कमेटी ऑफ मैनेजमेंट की ओर से लिए गए विभिन्न निर्णयों की सदस्यों ने पुष्टि की.

करीब 400 सदस्यों की मौजूदगी में हुई इस AGM में एस.बी. सिंह की सदस्यता समाप्त करने के फैसले की पुष्टि, नए ओम्बड्समैन और एथिक्स ऑफिसर की नियुक्ति तथा आगामी सत्र के लिए चयनकर्ताओं की घोषणा प्रमुख फैसले रहे.
इसे भी पढ़ें- JSCA की विशेष महासभा में नियमों में संशोधन को सर्वसम्मति से मंजूरी, 300 से अधिक सदस्य हुए शामिल
इसे भी पढ़ें- ग्राम स्तर से स्टेट टीम तक सीधा रास्ता: जेएससीए का टैलेंट डेवलपमेंट प्लान

