JPSC परीक्षा गड़बड़ी मामला: पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांग्ते की जमानत पर फैसला 5 सितंबर को, दोनों पक्षों की दलील पूरी
JPSC परीक्षा में गड़बड़ी मामले में जेल में बंद एल.ख्यांग्ते की जमानत याचिका पर अदालत 5 सितंबर को फैसला सुनाएगी. राजेश कुमार सिंह की रिपोर्ट.

Published : September 2, 2026 at 3:59 PM IST
रांचीः JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में जेल में बंद झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव और JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांग्ते की जमानत याचिका पर बुधवार को CID की विशेष अदालत में सुनवाई हुई. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद विशेष न्यायाधीश योगेश कुमार की अदालत ने जमानत याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है. अब अदालत 5 सितंबर को इस मामले में फैसला सुनाएगी.
याचिकाकर्ता के अधिवक्ताओं की दलील
सिविल कोर्ट के अधिवक्ता संजय कुमार के मुताबिक, सुनवाई के दौरान एल ख्यांग्ते की ओर से वरीय अधिवक्ता अनिल कुमार और अधिवक्ता चंदना कुमारी ने कोर्ट के सामने अपना पक्ष रखा. बचाव पक्ष ने कहा कि एल. ख्यांग्ते के खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य नहीं है. उनका दावा है कि छापेमारी के दौरान भी उनके खिलाफ कोई ऐसा सबूत नहीं मिला, जिससे उनकी संलिप्तता साबित हो. बचाव पक्ष ने उनकी गिरफ्तारी को भी अवैध बताया और जमानत देने की मांग की.
CID ने लगाया गंभीर आरोप
वहीं, CID की ओर से अदालत में एल.ख्यांग्ते की भूमिका को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए. जांच एजेंसी का कहना है कि TDPL को परीक्षा आयोजित करने का काम दिए जाने में ख्यांग्ते की भूमिका रही है. CID के मुताबिक, TDPL की ओर से आयोजित परीक्षाओं में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही थी और इसकी जानकारी एल ख्यांग्ते को थी. इसके बावजूद उन्होंने कथित तौर पर कोई कार्रवाई नहीं की. पिछली सुनवाई के दौरान CID की ओर से अदालत में केस डायरी भी पेश की गई थी. अब दोनों पक्षों की दलील पूरी होने के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया है.
10 अगस्त को हुई थी गिरफ्तारी
CID ने एल. ख्यांग्ते को 10 अगस्त को गिरफ्तार किया था. जांच के दौरान उन पर TDPL से कथित तौर पर करीब 2 करोड़ रुपए कमीशन लेने का आरोप लगाया गया है. गिरफ्तारी के बाद उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ भी की गई थी. रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद से वह न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं.
CID ने JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर कांड संख्या 16/2026 दर्ज किया. इसी मामले की जांच के दौरान एल ख्यांग्ते की गिरफ्तारी हुई, जिसमें सीआईडी के कार्रवाई लगातार जारी है.
ये भी पढ़ेंः
JSSC-CGL परीक्षा में गड़बड़ी मामले में सीआईडी की बड़ी कार्रवाई, चार सफल अभ्यर्थी गिरफ्तार
झारखंड में प्रतियोगिता परीक्षाओं में अनियमितता मामलाः सीआईडी की रिमांड पर मास्टरमाइंड अभय तिवारी

