ETV Bharat / state

इस तारीख को होगा खान सर के भविष्य का फैसला! अग्रिम जमानत याचिका पर कोर्ट ने आदेश रखा सुरक्षित

खान सर उर्फ फैजल खान के अग्रिम जमानत पर 10 जुलाई को पटना सिविल कोर्ट अपना फैसला सुनाएगी. कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा है.

Khan Sir News
खान सर (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : July 8, 2026 at 3:29 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: राजधानी पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में चर्चित कोचिंग संचालक फैजल खान उर्फ खान सर और रोशन आनंद के बीच विवाद से जुड़े मामले में बुधवार को पटना सिविल कोर्ट में सुनवाई हुई. वहीं कोर्ट ने अपना आदेश सुरक्षित रखा है. अब 10 जुलाई को कोर्ट का आदेश आएगा.

खान सर की जमानत याचिका पर सुनवाई: इससे पहले मंगलवार को दोनों पक्षों की ओर से करीब 40 मिनट तक विस्तृत बहस हुई. हालांकि सुनवाई पूरी नहीं हो सकी, जिसके बाद न्यायालय ने मामले की अगली सुनवाई बुधवार सुबह 10:30 बजे निर्धारित की थी. माना जा रहा था कि आज सुनवाई में जमानत याचिका पर फैसला आ जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.

कोर्ट ने फैसला रखा सुरक्षित: मामला खान सर और उनके दोनों बॉडीगार्ड की अग्रिम जमानत याचिका से जुड़ा है. बुधवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश रूपेश देव की अदालत में दोनों पक्षों ने अपने-अपने तर्क रखे. सुनवाई के दौरान न्यायालय ने मामले से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से पक्षकारों की दलीलें सुनीं. अब 10 जुलाई को कोर्ट फैसला सुनाएगी.

मंगलवार को भी हुई थी सुनवाई: खान सर के कानूनी सलाहकार अधिवक्ता रजत सिंह ने सुनवाई के बाद बताया कि मंगलवार को भी अदालत में लगभग 40 मिनट तक बहस चली. उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा हुई. विशेष रूप से खान सर के बॉडीगार्ड के हथियार के लाइसेंस से जुड़े मुद्दे पर भी दोनों पक्षों ने अपनी दलीलें रखीं.

" मंगलवार को बहस पूरी नहीं हो सकी थी. अदालत ने शेष बहस के लिए बुधवार का समय निर्धारित किया था. न्यायाधीश ने भी टिप्पणी की कि यह मामला काफी लंबे समय से लंबित है और इसका जल्द निष्पादन होना चाहिए."- रजत सिंह, कानूनी सलाहकार अधिवक्ता

फिलहाल गिरफ्तारी पर रोक रहेगी जारी: गौरतलब है कि कदमकुआं थाना क्षेत्र में दो चर्चित कोचिंग संचालकों फैजल खान उर्फ खान सर और रोशन आनंद के बीच विवाद का मामला पिछले कई दिनों से चर्चा का विषय बना हुआ है. इस प्रकरण में दोनों पक्षों के बीच कानूनी लड़ाई जारी है और अब सभी की निगाहें शुक्रवार को होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं, जब अदालत इस मामले में महत्वपूर्ण निर्णय सुना सकती है.

पूरा मामला: पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में 2 जून को कोचिंग संचालक खान सर और रोशन आनंद के बीच एक विवाद हुआ था. इस दौरान एक गार्ड की पिटाई की गई थी और तोड़फोड़ किया गया था. खान सर ने इसका आरोप ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के संचालक रोशन आनंद पर लगाया था. इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ था. दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने के बाद मामला कोर्ट पहुंचा और मंगलवार को जमानत याचिका पर 40 मिनट तक बहस चली. शेष सुनवाई बुधवार को पूरी हुई. अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया है, जो अब 10 जुलाई को सुनाया जाएगा.

ये भी पढ़ें

खान सर की अग्रिम जमानत पर सुनवाई फिर टली, अब 7 जुलाई को अगली तारीख

खान सर को बड़ी राहत, पटना सिविल कोर्ट ने 3 जुलाई तक गिरफ्तारी पर लगाई रोक!