ETV Bharat / state

अब सड़कों पर नहीं दिखेगा मलबा, पूर्वी दिल्ली में MCD ने तैयार किए 11 नए वेस्ट प्वाइंट्स

मलबे से मुक्त होगी पूर्वी दिल्ली, MCD ने चिन्हित किए 11 नए C&D वेस्ट प्वाइंट.

दिल्ली नगर निगम
दिल्ली नगर निगम (File Photo)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : September 1, 2026 at 6:57 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली की सड़कों, फुटपाथों और खाली पड़े मैदानों को अवैध मलबे से मुक्त कराने के लिए दिल्ली नगर निगम (MCD) ने एक बड़ा कदम उठाया है. एमसीडी ने क्षेत्र में खुलेआम फेंके जा रहे निर्माण एवं तोड़फोड़ के मलबे (C&D वेस्ट) की समस्या को खत्म करने के लिए 11 नए वेस्ट प्वाइंट्स की पहचान की है. इस नई व्यवस्था से न केवल राहगीरों को जाम और गंदगी से राहत मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को भी अपना मलबा ठिकाने लगाने के लिए एक निश्चित और आधिकारिक जगह मिल सकेगी.

पूर्वी दिल्ली के एमसीडी जोन चेयरमैन यशपाल सिंह केंथूरा ने बताया कि पूर्वी जोन में मलबा डालने के लिए 11 स्थान चिन्हित किए गए हैं. इन सभी स्थानों की क्षमता करीब 1000 मीट्रिक टन मलबा रखने की होगी. उन्होंने कहा कि इन स्थानों को विकसित करने के साथ यहां चारदीवारी और प्रवेश के लिए अलग रास्ते की व्यवस्था की जाएगी, ताकि लोग आसानी से निर्धारित जगह पर मलबा डाल सकें.

पूर्वी दिल्ली के एमसीडी जोन चेयरमैन यशपाल सिंह केंथू (ETV Bharat)

यशपाल सिंह केंथूरा के मुताबिक, इन C&D वेस्ट प्वाइंट का उद्देश्य सड़कों, फुटपाथ और खाली स्थानों पर खुले में मलबा डाले जाने पर रोक लगाना है. इससे एक ओर सड़कों को साफ रखने में मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर धूल और मलबे से होने वाले प्रदूषण को भी नियंत्रित किया जा सकेगा.

यशपाल सिंह ने आगे बताया कि शुरुआती चरण में शाहदरा दक्षिण जोन के अलग-अलग इलाकों में ये प्वाइंट बनाए जाएंगे. इनमें सीलमपुर, गाजीपुर, त्रिलोकपुरी, मयूर विहार, मंडावली और पटपड़गंज समेत कई इलाके शामिल हैं. एमसीडी की ओर से चिन्हित स्थानों पर करीब 16 फीट ऊंची चारदीवारी और प्रवेश मार्ग तैयार करने की योजना है. इसके साथ ही देखने के लिए सीसीटीवी फुटेज भी लगाए जाएंगे. गार्ड की भी तैनाती की जाएगी. धूल से बचाव के लिए पानी के स्प्रिंकलर भी लगाने की योजना है.

चेयरमैन ने कहा कि भविष्य में इन C&D वेस्ट प्वाइंट की संख्या और बढ़ाई जाएगी, ताकि पूर्वी दिल्ली के अधिक से अधिक इलाकों में लोगों को मलबा डालने के लिए निर्धारित जगह मिल सके. उनका कहना है कि मलबे को सड़कों पर खुले में डालने की समस्या को खत्म करना एमसीडी की प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने लोगों से भी अपील की कि निर्माण या तोड़फोड़ से निकलने वाले मलबे को सड़क अथवा सार्वजनिक स्थान पर डालने के बजाय एमसीडी द्वारा निर्धारित C&D वेस्ट साइट पर ही डालें.

ये भी पढ़ें:

  1. सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, फिर भी नहीं सुधरी पूर्वी दिल्ली की सफाई व्यवस्था; सड़कों पर लगा कचरे का अंबार
  2. दिल्ली में मच्छर जनित बीमारियों के खिलाफ अभियान, ‘मॉस्किटो टर्मिनेटर ट्रेन 2026’ को महापौर ने दिखाई हरी झंडी