हिस्ट्रीशीटर बेवी की मौत, संजय बिहारी हत्याकांड में काट रहा था आजीवन कारावास
न्यायालय ने कृष्ण कुमार उर्फ बेवी को दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी.

Published : January 3, 2026 at 10:33 AM IST
|Updated : January 3, 2026 at 11:23 AM IST
भरतपुर : बहुचर्चित संजय बिहारी हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहा हिस्ट्रीशीटर कृष्ण कुमार उर्फ बेवी की शनिवार सुबह सेवर केंद्रीय कारागार में तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. अस्थमा से पीड़ित कैदी को गंभीर हालत में आरबीएम जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मामले में मजिस्ट्रेट जांच और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा.
सेवर केंद्रीय कारागार के अधीक्षक परमजीत सिंह ने बताया कि शनिवार अलसुबह करीब तीन बजे कैदी की तबीयत अचानक अधिक बिगड़ गई. सांस लेने में तकलीफ बढ़ने पर उसे तत्काल आरबीएम जिला अस्पताल रेफर किया गया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. प्राथमिक तौर पर मौत का कारण बीमारी बताया जा रहा है, लेकिन नियमानुसार पूरे मामले की मजिस्ट्रेट जांच कराई जाएगी.
इसे भी पढ़ें: लड़की भगाने से नाराज गांव वालों ने प्रेमी की नाक काटी, अस्पताल में भर्ती
बताया गया है कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. जेल प्रशासन ने इस संबंध में पुलिस और संबंधित अधिकारियों को सूचना दे दी है. अस्पताल परिसर में भी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं. अधीक्षक परमजीत सिंह ने बताया कि कैदी को समय-समय पर उपचार कराया जा रहा था और उसकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही थी. बावजूद इसके अचानक तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई. अब मजिस्ट्रेट जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी.
कृष्ण कुमार उर्फ बेवी एक हिस्ट्रीशीटर था और उस पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे. 28 जनवरी 2023 को उसने संजय बिहारी को गोपालगढ़ कॉलोनी स्थित अपने घर बुलाया था. किसी विवाद के बाद आरोपी ने संजय बिहारी को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई थी. मामले में न्यायालय ने कृष्ण कुमार उर्फ बेवी को दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी. इसके बाद से वह सेवर केंद्रीय कारागार में सजा काट रहा था.

