ETV Bharat / state

सरगुजा में पीलिया का कहर, एक बच्चे की मौत, सीएमएचओ ने दिए कैम्प लगाने के निर्देश

छत्तीसगढ़ के सरगुजा में पीलिया बीमारी ने लोगों को चिंता में डाल दिया है. मंगलवार को एक बच्चे की मौत इस बीमारी से हुई है.

Death due to jaundice in Ambikapur
अंबिकापुर में पीलिया से मौत (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : February 24, 2026 at 10:48 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सरगुजा: छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में इन दिनों पीलिया बीमारी ने कहर मचा रखा है. संभाग के अंबिकापुर शहर पीलिया मरीजों के मिलने का सिलसिला नहीं रुक रहा है. इस बीच मंगलवार को एक बच्चे की पीलिया से मौत हो गई. बच्चा पिछले कुछ दिनों से पीलिया से ग्रसित था. उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर से रायपुर रिफर किया गया था. इसके बावजूद परिजन बच्चे को रायपुर लेकर जाने के बदले निजी अस्पताल में इलाज करा रहे थे. मंगलवार को एक निजी अस्पताल से दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने के दौरान बच्चे की मौत हो गई. बच्चे की पीलिया से मौत की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने भी की है.

13 साल के दिव्यांश की हुई मौत

शहर के नमनाकला खटिक पारा निवासी 13 वर्षीय छात्र दिव्यांश राय की मौत हुई है. उसकी 19 फरवरी से तबीयत खराब थी. उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था. यहां जांच में पता चला कि बच्चे को पीलिया है. पीलिया की पुष्टि होने के बाद अस्पताल में स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे रायपुर रिफर कर दिया था. छात्र को परिजन उपचार के लिए रायपुर नहीं ले जाकर मिशन अस्पताल में उसका उपचार करा रहे थे.

पीलिया से मौत के बाद हड़कंप

मिशन अस्पताल में भी छात्र की हालत में सुधार नहीं हुआ तो परिजन उसे लेकर शहर के एक अन्य निजी अस्पताल जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. छात्र की मौत के बाद परिजन उसे लेकर अंतिम संस्कार के लिए बनारस चले गए. इधर पीलिया से छात्र की मौत के बाद क्षेत्र में हडकंप मच गया है. बताया जा रहा है कि वार्ड में कुछ अन्य लोग भी पीलिया से ग्रसित हैं.

बच्चे को पीलिया था और उसकी हालत गंभीर थी.बच्चे को मेडिकल कॉलेज अस्पताल से रायपुर रिफर किया गया था लेकिन परिजन उसे लेकर मिशन अस्पताल चले गए. वहां से दूसरे अस्पताल लेकर जाते समय उसकी मौत हुई है. वार्ड में कैम्प लगाकर जांच करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही जानकारी एकत्रित की जा रही है-पीसी मार्को, सीएमएचओ, अंबिकापुर

पानी में मिला खतरनाक बैक्टीरिया

इन दिनों नगर निगम क्षेत्र में लगातार पीलिया के मरीज मिल रहे है. हाल ही में शहर के नवागढ़, मोमिनपुर क्षेत्र में पीलिया के मरीज मिलने की बात सामने आई है. स्वास्थ्य विभाग ने नवागढ़ में पानी की जांच कराई है. इस जांच में ई कोलाई बैक्टीरिया मिलने की पुष्टि हुई है.

हालांकि पीलिया व दूषित पेयजल को लेकर पक्ष विपक्ष के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर भी शुरू है. ऐसे में एक बच्चे की पीलिया से मौत की खबर से हडकंप मच गया है. इधर घटना के बाद सीएमएचओ डॉ.पीएस मार्को ने भी वार्ड में कैम्प लगाकर संभावित मरीजों की जांच करने के निर्देश दिए हैं. जिसके बाद बुधवार को वार्ड में शिविर लगाया जाएगा.

सरगुजा में पीलिया पर पॉलिटिक्स, मेयर मंजूषा भगत ने कांग्रेस पर फोड़ा ठीकरा, बोली षड्यंत्र की बू आ रही है

ट्रिपल इंजन सरकार के एक साल, राजधानी के चौक बेहाल, महापुरुषों का नाम, लेकिन बदहाल पहचान, स्मार्ट सिटी पर बड़ा सवाल

अवैध रेत खनन पर सियासी घमासान, आम आदमी पार्टी ने एसडीएम से की शिकायत