बैंकों में 550 करोड़ रु जमा करके भूल गए उत्तराखंड के लोग, डेड फंड में सरकारी विभागों के भी पड़े हैं ₹9 करोड़
शुक्रवार को आरबीआई ने 'आपकी पूंजी आपका अधिकार' के तहत 600 लोगों के 10 करोड़ रुपए लौटाए

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : November 15, 2025 at 10:04 AM IST
देहरादून: कई बार लोग बैंकों में पैसा जमा करके भूल जाते हैं. ऐसे लोगों के अकाउंट जब लंबे समय तक अपडेट नहीं होते हैं तो बैंक उन्हें डेड फंड में डाल देते हैं. RBI का 'आपकी पूंजी आपका अधिकार' विषय पर जन जागरूकता शिविर के तहत शुक्रवार को देहरादून के अलग अलग बैंकों ने लोगों के 10 करोड़ रुपए लौटाए हैं.
RBI ने लौटाए 600 लोगों के 10 करोड़ रुपए: शुक्रवार को देहरादून के सर्वे चौक स्थित IRDT हॉल में हुए 'आपकी पूंजी आपका अधिकार' विषय पर एक जन जागरूकता कार्यक्रम SLBC (SBI) और जिला लीड बैंक एसोसिएशन द्वारा आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिले के मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह के साथ भारतीय स्टेट बैंक के महाप्रबंधक दिपेश राज, भारतीय रिजर्व बैंक के उप-महाप्रबंधक शैलेन्द्र शर्मा, पंजाब नेशनल बैंक के उप-महाप्रबंधक पीएस रावत, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के उप-महाप्रबंधक मनोहर सिंह व बैंक ऑफ बडौदा के उप-महाप्रबंधक अरविंद जोशी उपस्थित रहे.
बैंकों में पैसे रख कर भूल गए लोग: जिला लीड बैंक एसोसिएशन के पदाधिकारी संजय भाटिया ने बताया कि देहरादून जिले के विभिन्न बैंकों से लगभग 5 लाख खातों की लगभग 210 करोड़ जमा राशि निष्क्रिय होने के कारण भारतीय रिजर्व बैंक के विशिष्ट फंड (DEAF) में भेजी जा चुकी थी, जिसमें से 10.27 करोड़ बैंकों द्वारा उनके वास्तविक स्वामी या फिर वैध दावा कर्ताओं को लौटा दी गयी है. इन 10.27 करोड़ में से कुछ राशि उक्त कार्यक्रम में पहुंचे वास्तविक खाते-धारकों को बैंकों के उपस्थित उच्च अधिकारियों द्वारा प्रतीकात्मक चेक के माध्यम से प्रदान की गई.
उत्तराखंड के बैंकों में डेड अकाउंट में पड़े हैं 550 करोड़ रुपए: वहीं इसके अलावा उन्होंने बताया कि पूरे उत्तराखंड में अभी तकरीबन 550 करोड़ रुपए ऐसे हैं, जो कि लोगों द्वारा बैंकों में जमा करके छोड़ दिए गए हैं. यह डेड फंड में कन्वर्ट हो गया है. उन्होंने कहा कि बैंकों में पड़े इस डेड फंड को वापस लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार कैंपेन चलाए जा रहे हैं. लोगों से भी अपील की जा रही है कि वह इसको लेकर खुद भी जागरूक हों और अन्य लोगों में भी जागरूकता फैलाएं.

सरकारी बैंकों के डेड फंड में सरकारी विभागों के भी हैं 9 करोड़ रुपए: आपको बता दें कि देहरादून जिले के अलग-अलग बैंकों में डेड फंड में 2,786 खातों के तकरीबन 9 करोड़ रुपए सरकारी विभागों का है. वहीं इसके अलावा अलग-अलग संस्थाओं का तकरीबन 15 करोड़ और रिटेल खातों का 186 करोड़ के करीब बैंकों में डेड अकाउंट में पड़ा हुआ है.
PNB के नए जोनल ऑफिस का उद्घाटन: पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) का नया जोनल कार्यालय शुक्रवार को देहरादून के आईटी पार्क, सहस्रधारा रोड में शुरू हुआ. बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक चंद्र ने नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया. नए जोनल ऑफिस के उद्घाटन के बाद CEO अशोक चंद्र ने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक उत्तराखंड के विकास में सक्रिय भागीदार बनने को तैयार है. बैंक राज्य के युवाओं और नए स्टार्टअप को सहयोग देगा ताकि प्रदेश में रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा मिल सके. उन्होंने बताया कि बैंक ने जीएसटी दरों में कमी के बाद लोगों को जागरूक करने के लिए देशभर में कई कार्यक्रम किए हैं. इसी क्रम में 26 नवंबर को 'एमएसएमई– विकास और वित्त सहयोग कार्यक्रम' उत्तराखंड में आयोजित किया जाएगा, जिसमें छोटे उद्योगों और उद्यमियों को जानकारी और सहायता दी जाएगी.
उत्तराखंड में 299 शाखाएं, सीमांत क्षेत्र में खुलेंगी 2 और शाखाएं: नए जोनल कार्यालय में जोनल कार्यालय, मंडल कार्यालय, एमएसएमई लोन सेंटर, रिटेल लोन सेंटर और ग्राहक सुविधा केंद्र जैसे कई विभाग साथ काम करेंगे. इससे देहरादून और पूरे प्रदेश में बैंक की सेवाएं और आसान व तेज बनेंगी. अशोक चंद्र ने बताया कि-
वर्तमान में पंजाब नेशनल बैंक की उत्तराखंड में 299 शाखाएं, एटीएम और सेवा केंद्र उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में लोगों को बैंकिंग सुविधाएं दे रहे हैं. नया कार्यालय इन सेवाओं को और मजबूत करेगा और प्रदेश के आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभाएगा. हम बैंक की ओर से राज्य में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार, वित्तीय समावेशन और विकास योजनाओं में सहयोग बढ़ाने का आश्वासन देते हैं.
-अशोक चंद्र, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पीएनबी-
कार्यक्रम में जोनल हेड अनुपम, उप जोनल हेड सुनील कुमार सखूजा और प्रताप सिंह रावत, जोनल ऑडिट ऑफिस के प्रमुख कालिका प्रसाद, मंडल प्रमुख हल्द्वानी सिद्धार्थ अधिकारी, मंडल प्रमुख हरिद्वार रविंद्र कुमार, मंडल प्रमुख देहरादून अभिनन्दन सिंह, और मंडल प्रमुख टिहरी राजकुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.
उपनल के मृत कर्मचारियों के परिजनों को दिए गए चेक: कार्यक्रम के दौरान उपनल के दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों को पंजाब नेशनल बैंक की सैलरी अकाउंट आधारित पर्सनल एक्सीडेंटल इंश्योरेंस योजना के अंतर्गत क्लेम राशि के चेक प्रदान किए गए. हल्द्वानी के सागर नेगी के पिता नारायण सिंह नेगी और टिहरी गढ़वाल की कृष्णा देवी के पति ज्ञान सिंह नेगी को 50-50 लाख रुपए के चेक प्रदान किए गए. यह चेक पीएनबी के एमडी एवं सीईओ अशोक चंद्र और उपनल के एमडी ब्रिगेडियर जेएनएस बिष्ट द्वारा संयुक्त रूप से दिए गए.
ये भी पढ़ें: इस बैंक के खाताधारक 10 हजार रुपये से ज्यादा नकद नहीं निकाल पाएंगे; आपका खाता भी तो इसी बैंक में नहीं है?

