प्रयागराज में स्कूल के ऑफिस में मिली युवक की लाश, कनपटी पर गोली के निशान, हाथ में था तमंचा
घूरपुर का मामला, अपने जीजा के स्कूल की देखभाल करता था युवक.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 27, 2026 at 3:38 PM IST
प्रयागराज : घूरपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शारदा प्रयाग पब्लिक स्कूल के कार्यालय में एक युवक का शव मिला. शव कुर्सी पर बैठी अवस्था में था, जबकि बाईं कनपटी पर गोली का निशान था. दाहिने हाथ में 315 बोर का तमंचा फंसा मिला. युवक ने खुद को गोली मारी या उसकी गोली मारकर हत्या की गई है, यह अभी नहीं पता चल सका है. स्कूल के स्टाफ ने पुलिस को घटना की जानकारी दी.
घटना चक गौरी शंकर नीबी गांव की है. स्कूल के कर्मचारियों ने सुबह कार्यालय खोलने पर युवक को खून से लथपथ हालत में देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी. कुछ लोगों ने फायरिंग की आवाज सुनने की भी बात कही है. मृतक की पहचान लालापुर गोबरा निवासी 20 वर्षीय साहिल शुक्ला पुत्र रेवती रमण शुक्ला के रूप में हुई है. वह पिछले एक साल से अपने जीजा के घर चक गौरी शंकर नीबी गांव में रह रहा था. साहिल नैनी स्थित कॉटन मिल क्षेत्र के एक संस्थान से आईटीआई कर रहा था. साथ ही अपने जीजा के स्कूल की देखरेख में भी हाथ बंटाता था. अक्सर वह रात के समय स्कूल परिसर में ही रुक जाता था.
सूचना मिलते ही घूरपुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साहिल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. हत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता. गांव के लोगों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है. फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

