ETV Bharat / state

स्कूल के क्लासरूम में मिला युवक का शव, दरभंगा में जीजा बोले- 'मारकर टांग दिया'

दरभंगा में स्कूल के क्लासरूम में युवक का शव मिला है. शरीर पर मिले चोट के निशान, परिजनों ने हत्या की जताई आशंका. पढ़ें खबर-

dead Body found In Darbhanga
दरभंगा में युवक का शव (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 21, 2026 at 10:27 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

दरभंगा: बिहार के दरभंगा के नगर थाना क्षेत्र के इमलीघाट पुल के पास स्थित प्राथमिक विद्यालय में एक युवक का शव मिला है. स्कूल के समय पर खुलते ही यह भयावह नजारा देखकर इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए दारोगा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (डीएमसीएच) भेज दिया. घटना से परिजनों और स्थानीय निवासियों में कोहराम मच गया है.

कौन है मृतक युवक: मृतक की पहचान गुल्लोबारा निवासी सूरज मंडल के 18 वर्षीय पुत्र भरत मंडल उर्फ हिमांशु के रूप में हुई है. हिमांशु इलेक्ट्रिक डेकोरेशन का काम करता था और परिवार में दो भाइयों तथा दो बहनों में एक था. वह गुरुवार शाम दोस्तों के साथ घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा. परिजनों ने रात भर फोन करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा.

स्कूल के क्लासरूम में मिला शव (ETV Bharat)

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका: मृतक के जीजा सावन राय ने हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि हिमांशु की हत्या की गई और शव को स्कूल में लटकाया गया है. परिजनों की मांग पर पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाया है. उन्होंने बताया कि युवक के शरीर पर कई जगहों पर चोट के निशान हैं, जो आत्महत्या की बजाय हत्या की ओर इशारा करते हैं. परिवार में शोक की लहर है और लोग न्याय की मांग कर रहे हैं.

"हिमांशु की हत्या कर शव को स्कूल में लटकाया गया है. गुरुवार शाम हिमांशु दोस्तों के साथ घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा. काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला था. रात भर हम लोग फोन करते रहें लेकिन कॉल नहीं उठा."-सावन राय, मृतक के जीजा

स्थानीय लोगों का नशेड़ियों पर संदेह: स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से विद्यालय परिसर में नशेड़ियों का अड्डा बना हुआ था. आशंका जताई जा रही है कि नशापान के दौरान किसी विवाद में हिमांशु की हत्या कर दी गई हो और उसके बाद शव को स्कूल के ऊपरी तल्ले पर लटका दिया गया. इलाके में नशे की समस्या को लेकर पहले से चर्चा चल रही थी, जिससे यह संदेह और मजबूत हो रहा है.

"विद्यालय परिसर पिछले कुछ दिनों से नशेड़ियों का अड्डा बना हुआ है. नशापान के दौरान विवाद में हिमांशु की हत्या कर शव को स्कूल के ऊपरी तल्ले पर लटका दिया गया होगा."-स्थानीय

परिवार और समाज में आक्रोश: घटना के बाद मृतक के घर में मातम का माहौल है. परिजन और स्थानीय लोग हत्या की साजिश की जांच की मांग कर रहे हैं. वहीं स्कूल परिसर में ऐसी घटना से अभिभावकों में भी डर का माहौल है.

क्या कहती है पुलिस: नगर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही घटनास्थल को सील कर दिया गया है. एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से सैंपल एकत्र किए और जांच शुरू कर दी है. प्रथम दृष्टया शव पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है. पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के नतीजों के बाद ही घटना की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.

"जानकारी मिलते ही घटनास्थल को सील कर एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया गया है. टीम ने मौके से सैंपल एकत्र कर जांच शुरू कर दी है. प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है."-अरविंद कुमार, नगर थानाध्यक्ष

ये भी पढ़ें-

वीटीआर के जंगल में मिला प्रेमी और प्रेमिका का कंकाल, हत्या या आत्महत्या?

बिहार में BPSC शिक्षिका ने की आत्महत्या, कमरे से मिली लाश.. 2 साल पहले हुई थी शादी