फिरोजाबाद में गांव लाया गया अग्निवीर सूरज यादव का पार्थिव शरीर, नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
पिता गंगा सिंह यादव ने बताया कि वह पश्चिम बंगाल के पानागढ़ में तैनात थे.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 9, 2026 at 8:25 PM IST
फिरोजाबाद : जनपद के थाना लाइनपार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुदाऊं निवासी अग्निवीर सूरज यादव (22) का पार्थिव शरीर शुक्रवार सुबह फिरोजाबाद लाया गया. जिसके बाद गांव में कोहराम मच गया. परिजनों, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी. बीते मंगलवार को पश्चिम बंगाल में अचानक तबीयत खराब हो जाने से उनका निधन हो गया था.
पिता गंगा सिंह यादव ने बताया कि अग्निवीर सूरज यादव (22) का बीते मंगलवार को अचानक तबीयत खराब हो जाने से निधन हो गया था. वह पश्चिम बंगाल के पानागढ़ में तैनात थे. शुक्रवार को अग्निवीर सूरज यादव का पार्थिव शरीर पैतृक गांव लाया गया. दोपहर करीब 12 बजे के बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ अग्निवीर सूरज यादव का अंतिम संस्कार किया गया. इस दौरान एसडीएम टूण्डला अंकित वर्मा, तहसीलदार राखी शर्मा, सीओ अम्बरीष कुमार, इंस्पेक्टर अनिल कुमार समेत सेना के अधिकारी मौजूद रहे.
उन्होंने बताया कि सात जनवरी की सुबह उनके निधन की जानकारी मिली थी. उन्होंने बताया कि सूरज अप्रैल 2024 में फौज में भर्ती हुए थे. पिता के मुताबिक, तीन भाई और एक बहन में सूरज सबसे छोटे थे. बड़े भाई विकास मजदूरी करते हैं. दूसरे भाई विवेक पढ़ाई कर रहे हैं. हाल ही में 27 दिसंबर को बहन की एयरफोर्स में नौकरी लगी है.
पूर्व एमएलसी डॉ दिलीप यादव ने बताया कि ग्रामीणों ने मांग की थी कि गांव के बाहर स्थित चौराहे का नाम अग्निवीर सूरज यादव के नाम पर रखा जाए. उन्होंने कहा कि अधिकारियों से बात हुई है. एक प्रस्ताव बनकर जाएगा. उसके लिये आश्वासन दिया गया है. जिसके बाद परिजन और ग्रामीण सहमत हो गये.
इंस्पेक्टर टूंडला अनिल कुमार ने बताया कि ग्रामीणों ने समाधि स्थल बनाने की मांग की थी, जिसके संबंध में तहसील के अधिकारियों ने परिजनों को जमीन मुहैया कराने का भरोसा दिया है.

