ETV Bharat / state

नल की आवाज सुनकर महिला टॉयलेट में घुसा नर्सिंगकर्मी, खोलकर देखा तो उड़ गए होश

हॉस्पिटल के टॉयलेट में शव बरामद होने से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई.

अस्पताल में मिला युवक का शव
अस्पताल में मिला युवक का शव (फोटो ईटीवी भारत दौसा)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 8, 2026 at 11:42 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

दौसा : जिला अस्पताल में गुरुवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई. जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड के महिला टॉयलेट में एक अज्ञात युवक ने आत्महत्या कर ली. घटना के बारे में अस्पताल प्रशासन को तब पता चला जब बाथरूम से लगातार नल से पानी गिरने की आवाज सुनकर नर्सिंह इंचार्ज दिनेश बैरवा टॉयलेट में गए. टॉयलेट में जाने पर सबसे पहले उन्होंने युवक के शव को देखा.

नर्सिंग इंचार्ज द्वारा घटना की सूचना तत्काल अस्पताल प्रशासन को दी गई, जिसके बाद सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया. इसके बाद युवक के शव को टॉयलेट रूम से बाहर निकालकर इमरजेंसी वार्ड में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. कोतवाली थाना प्रभारी भगवान सहाय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है, लेकिन कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है. उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान पापड़दा थाना क्षेत्र निवासी रामावतार मीना के रूप में हुई है. मृतक स्थानीय होने के कारण पुलिस अलर्ट है, आसपास के थानों को भी सूचना दी गई है. दौसा डीएसपी धर्मेंद्र शर्मा और कोतवाल भगवान सहाय शर्मा सहित कई थानों की पुलिस अस्पताल में तैनात की गई है, जिससे किसी भी प्रकार की स्थिति से निपटा जा सके.

इसे भी पढ़ें: चूरू में महिला कांस्टेबल से सामूहिक दुष्कर्म, पूर्व थानाधिकारी समेत चार पुलिसकर्मियों पर आरोप

चर्चाओं का रहा दौर: अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए अव्यवस्था का माहौल बन गया. मरीजों और उनके परिजनों में भय और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. यह भी सवाल उठने लगे कि युवक आखिर मरीज था, अटेंडेंट था या फिर कोई बाहरी व्यक्ति, जो इस तरह सर्जिकल वार्ड तक पहुंच गया. इस पूरे मामले को लेकर प्रमुख चिकित्सा अधिकारी, जिला अस्पताल दौसा डॉ. आर.के. मीणा ने बताया कि नर्सिंग इंचार्ज से सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस को अवगत कराया गया.