पटना के पॉश इलाके में शव मिलने से हड़कंप, CCTV फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
पटना के पॉश इलाके में सड़क किनारे अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया है. जांच में जुटी पुलिस और फॉरेंसिक टीम.

Published : July 9, 2026 at 11:35 AM IST
पटना: राजधानी पटना के पॉश इलाकों में शुमार सचिवालय थाना क्षेत्र से गुरुवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई. सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना मिलते ही सचिवालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए सचिवालय डीएसपी डॉ. अन्नू भी मौके पर पहुंची.
थाना से 500 मीटर दूर मिला शव: जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की. जानकारी के अनुसार, सचिवालय थाना से करीब 500 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी.

नहीं हुई मृतक की शिनाख्त: शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन खबर लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी. घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने आसपास से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू की. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव वहां कैसे पहुंचा. प्रारंभिक जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
घटना से लोगों में दहशत: स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहला मौका नहीं है, जब इस इलाके से किसी शव की बरामदगी हुई हो. इससे पहले भी सचिवालय थाना क्षेत्र और आसपास के इलाकों से पुलिस शव बरामद कर चुकी है. ऐसे में एक बार फिर इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
क्या कहती है पुलिस?: मौके पर मौजूद सचिवालय डीएसपी डॉ. अन्नू ने बताया कि पुलिस को सड़क किनारे एक शव पड़े होने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही सचिवालय थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची. उन्होंने बताया कि फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस: डीएसपी ने बताया कि फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही है. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है. सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा.
"फॉरेंसिक टीम घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रही है और सभी बिंदुओं पर अनुसंधान जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा."- डॉ अन्नू, सचिवालय डीएसपी
ये भी पढ़ें-
सऊदी से लौटे पति ने पत्नी की गला रेतकर हत्या की, बिहार में सनसनीखेज वारदात

