लखनऊ में बिरयानी शॉप के फ्रीजर में मिला युवक का शव, मचा हंगामा
मृतक की पहचान विजय पाल (38) थाना बीकेटी लखनऊ के रूप में हुई.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 1, 2026 at 5:41 PM IST
लखनऊ: राजधानी लखनऊ के बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह एक बिरयानी शॉप के फ्रीजर में एक युवक का शव मिलने से सनसनी मच गई. सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच में जुट गई है. मृतक की पहचान विजय पाल(38) पुत्र डलई, निवासी किशुनपुर, थाना बीकेटी, जनपद लखनऊ के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, बख्शी का तालाब इलाके में रविवार को सनी रावत के बिरयानी की दुकान के फ्रीजर में एक युवक का शव मिला. बताया जा रहा है कि सनी रावत के पिता की मौत की वजह से दुकान बीते चार दिनों से बंद था. जब रविवार को सनी दुकान खोलने पहुंचा और फ्रीजर खोला, तो अंदर युवक का शव पड़ा मिला.
शव देखकर घबराए दुकान मालिक सनी रावत ने तुरंत पुलिस को कॉल किया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. फ्रीजर के अंदर से निकले विजयपाल के शव में कोई चोट के निशान नहीं है. फिलहाल पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि आखिर विजयपाल फ्रीजर के अंदर कैसे पहुंचा.
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि बिरयानी की दुकान में रखे फ्रीजर के अंदर से एक शव बरामद हुआ है. मृतक के जेब में रखे मोबाइल और आधार कार्ड से उसकी पहचान विजयपाल के रूप में हुई है. परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी.

