ETV Bharat / state

कानपुर में डीसीएम ने NHAI की अनुबंधित कंपनी के कर्मचारियों को रौंदा, 1 की मौत, चार घायल

जाजमऊ हाईवे पर शुक्रवार शाम दर्दनाक हादसा, पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया.

dcm truck runs over employees nhai contracted company kanpur one dead
कानपुर में डीसीएम ने NHAI की अनुबंधित कंपनी के कर्मचारियों को रौंदा, 1 की मौत, चार घायल (etv bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : July 4, 2026 at 8:16 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

कानपुर: जाजमऊ हाईवे पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. करीब 4:50 बजे एक अनियंत्रित डीसीएम ने हाईवे पर मरम्मत और रखरखाव के काम में जुटे कर्मचारियों को बेरहमी से कुचल दिया. ये सभी लोग NHAI की एक अनुबंधित कंपनी के जरिए वहां काम कर रहे थे. जाजमऊ थाना क्षेत्र के अंतर्गत छबीलेपुरवा केसा के सामने हुए इस हादसे में आउटसोर्सिंग कंपनी के मेंटेनेंस इंचार्ज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए. आरोपी चालक डीसीएम छोड़कर या वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है.

कार को टक्कर मारते हुए कर्मचारियों पर चढ़ी डीसीएम
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि जाजमऊ-रामादेवी फ्लाईओवर पर सभी कर्मचारी रोजमर्रा की तरह मेंटेनेंस के काम में जुटे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही एक डीसीएम अचानक अनियंत्रित हो गई. रफ्तार इतनी तेज थी कि डीसीएम ने पहले राह चलती एक कार को जोरदार टक्कर मारी और फिर सीधे सड़क पर काम कर रहे कर्मचारियों को रौंदते हुए सुरक्षा दीवार से जा टकराई. टक्कर लगते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आरोपी चालक फायदा उठाकर वहां से भाग निकला.

मेंटेनेंस इंचार्ज की मौत से परिवार में कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सभी हताहतों को आनन-फानन में कांशीराम अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद नौबस्ता के हनुमंत विहार निवासी मोहित उर्फ सिद्धार्थ यादव (35 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया. मोहित एनएचएआई में मेंटेनेंस इंचार्ज के पद पर तैनात थे. मोहित के निधन की खबर मिलते ही उनके भाई दीपक यादव समेत पूरे परिवार में कोहराम मच गया है. मृतक अपने पीछे पत्नी सोनी यादव, दो बेटियां संस्कृति व गुल्लू, पिता रामशंकर यादव और दो भाइयों का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गए हैं. पुलिस ने मृतक मोहित के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. क्षतिग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया है.

चार घायलों की हालत नाजुक, हैलट रेफर
जाजमऊ थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि इस दुर्घटना में चार अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं. घायलों की पहचान फतेहपुर निवासी उदयराज व जयप्रकाश और बिधनू निवासी वीरेंद्र के रूप में हुई है, जबकि एक अन्य घायल की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है. कांशीराम अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चारों की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हैलट अस्पताल रेफर कर दिया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी जान बचाने की कोशिश कर रही है. मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

NHAI के निदेशक पंकज यादव ने बताया कि जाजमऊ ओवरब्रिज के पास एलिवेटेड भाग पर मेंटिनेंस इंचार्ज मोहित यादव समेत चार अन्य कर्मचारी संकेतांक के मेंटिनेंस का कार्य कर रहे थे. तभी एक पीछे से आए अनियंत्रित डीसीएम ने एक आर्टिका कार में टक्कर मारी,जिसके बाद आर्टिका कार ने अनियंत्रित होकर कर्मचारियों को कुचल दिया. इसके बाद हम लोग सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लिए ले जा रहे थे. एसीपी छावनी प्रियंका बाजपेयी ने बताया कि मेंटिनेंस इंजीनियर राजकमल की ओर से जाजमऊ थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया है.


ये भी पढ़ेंः सिर्फ स्वाद नहीं, इतिहास भी समेटे हैं आम; चौसा से दशहरी तक, हर नाम के पीछे छिपी है एक दिलचस्प कहानी