भानुपल्ली-बेरी रेलवे परियोजना पैकेज-5 का 85% काम पूरा, DC ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
डीसी बिलासपुर ने रेलवे परियोजना पैकेज–5 का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता व सुरक्षा पर सख्त निर्देश दिए.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 8, 2026 at 11:50 AM IST
बिलासपुर: जिला बिलासपुर में भानुपल्ली-बिलासपुर-बेरी निर्माणाधीन रेलवे परियोजना पैकेज–5 का 85 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है. वहीं, शेष कार्य को भी तय समय के अंदर पूरा करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है. ये बात डीसी बिलासपुर राहुल कुमार ने निर्माणाधीन रेलवे परियोजना पैकेज–5 का निरीक्षण करने के दौरान बताई. डीसी बिलासपुर ने रेलवे परियोजना के कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया. इस दौरान डीसी ने अधिकारियों से अब तक हुए कार्य की विस्तृत जानकारी ली और निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए.
5 पैकेज में बांटा रेलवे परियोजना का काम
भानुपल्ली-बिलासपुर-बेरी रेलवे परियोजना के प्रोजेक्ट डायरेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि बिलासपुर जिले में निर्माणाधीन रेलवे परियोजना के तहत कार्य को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने के लिए इसे 5 पैकेज में बांटा गया है. हरेक पैकेज में सुरंग, पुल, ट्रैक और अन्य निर्माण कार्य अलग-अलग कंपनियों को सौंपे गए हैं, ताकि निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके. परियोजना के सभी पैकेज के तहत निर्माण कार्य प्रगति पर है.

पैकेज-5 के तहत रेलवे परियोजना का निर्माण
प्रोजेक्ट डायरेक्टर संतोष कुमार ने बताया किन भानुपल्ली-बिलासपुर-बेरी रेलवे परियोजना का काम साल 2027 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. जिसका 636 करोड़ की लागत से निर्माण किया जा रहा है. पैकेज-5 की लंबाई 4100 मीटर है. इसके तहत 3 टनल का निर्माण किया जा रहा है, टनल नंबर 14,15 और 16 है. वहीं, 2 ब्रिज बनाए जा रहे हैं. पैकेज-5 के तहत रेलवे परियोजना की लंबाई 4100 मीटर है. पैकेज-5 के तहत नैना देवी विधानसभा क्षेत्र के कोट तुन्नु से लेकर बिलासपुर सदर के भराड़ी तक रेलवे परियोजना निर्माणाधीन है.
"भानुपल्ली-बिलासपुर-बेरी रेलवे परियोजना पैकेज-5 बिलासपुर जिले के विकास की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है, इसलिए निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए. रेलवे परियोजना पैकेज–5 के निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी." - राहुल कुमार, डीसी बिलासपुर

डीसी ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश
उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना पैकेज–5 के तहत सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप किए जाएं और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए. श्रमिकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और कार्यस्थल पर सभी जरूरी सुरक्षा उपकरणों व व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया जाए. डीसी बिलासपुर ने निरीक्षण के दौरान परियोजना पैकेज–5 की प्रगति पर संतोष जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपसी समन्वय बनाए रखते हुए कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि रेलवे परियोजना पैकेज–5 को तय समय सीमा में गुणवत्ता और सुरक्षा के साथ पूरा किया जा सके.

