दतिया उपचुनाव: नरोत्तम मिश्रा ने खरीदा नामांकन फार्म, पार्टी ने अभी घोषित नहीं किया प्रत्याशी
दतिया उपचुनाव के लिए भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा ने नामांकन फार्म खरीदा, छोटे बेटे अंशुमान से मंगवाया, जमा करने के लिए 5 दिन का समय.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : July 8, 2026 at 6:29 PM IST
दतिया: दतिया उपचुनाव को लेकर अधिसूचना जारी होने के बाद प्रत्याशियों ने नामांकन फार्म खरीदना शुरू कर दिया है. यहां आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार और कांग्रेस पार्टी के कुछ नेताओं ने संभावित दावेदारी के चलते प्रत्याशी घोषणा से पहले ही नामांकन फार्म खरीदना शुरू कर दिया है. इस बीच मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के भी नामांकन फार्म खरीदने की खबर सामने आ रही है.
नरोत्तम मिश्रा ने खरीदा उपचुनाव का नामांकन फार्म
दतिया उपचुनाव में बीजेपी और कांग्रेस दोनों पार्टियों की साख दांव पर लगी है. कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की विधायकी निरस्त होने के बाद खाली हुई दतिया विधानसभा सीट पर आने वाले 30 जुलाई को उपचुनाव के लिए मतदान होगा. ऐसे में एक बार फिर भाजपा को सीट अपने पाले में लाने की उम्मीद जगी है और 2023 में दतिया से हारे पूर्व गृहमंत्री मिश्रा एक बार फिर बीजेपी के प्रत्येशी के तौर पर सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं. लेकिन न तो कांग्रेस और न ही बीजेपी ने अब तक प्रत्याशी का नाम घोषित किया है. इस बीच दावेदारों ने नाम घोषित होने से पहले ही उपचुनाव के लिए नामांकन फार्म खरीदना शुरू कर दिया है.

कांग्रेस के 3 नेता और आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार ले चुके फार्म
राजनीतिक गलियारों में नरोत्तम मिश्रा को लेकर पहले ही चर्चाएं तेज थीं लेकिन इस बीच बुधवार को नाम घोषित होने के पूर्व ही डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने उपचुनाव का नामांकन फार्म बतौर उम्मीदवार खरीद लिया है. ऐसे में चुनावी माहौल और गर्म हो गया है, क्योंकि आधिकारिक तौर पर बीजेपी की ओर से अब तक कोई नाम सामने नहीं है, जबकि कांग्रेस की ओर से पहले ही तीन नेताओं पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व उपाध्यक्ष अवधेश नायक, हरदास और रामसिंह ने भी संभावित उम्मीदवारी में नामांकन फार्म खरीद लिया हैं. इनसे पहले आजाद समाज पार्टी के उम्मीदवार दामोदर यादव पहले ही दिन नामांकन फार्म खरीद चुके हैं. अब तक दतिया उपचुनाव के लिए कुल 9 नामांकन फार्म खरीदे जा चुके हैं.
ये भी पढ़ें:
- दतिया विधानसभा उपचुनाव का ऐलान, नरोत्तम बोले- अगर पार्टी टिकट देगी तो लड़ूंगा चुनाव
- दतिया उपचुनाव: बीजेपी-कांग्रेस मंथन में जुटे, आजाद समाज पार्टी ने घोषित कर दिया प्रत्याशी
छोटे बेटे ने लिया पूर्व गृह मंत्री के लिए नामांकन फार्म
दतिया जनसंपर्क विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के छोटे बेटे अंशुमान मिश्रा ने उनके लिए नामांकन फार्म लिया है. हालांकि, नामांकन पत्र जमा करने के लिए अभी उनके पास पांच दिन का समय है.

