भतीजी के लव मैरिज से नाराज दारोगा ने दामाद को तलवार से काटा, खुद को भी मारी गोली
दरभंगा में प्रेम विवाह से नाराज दारोगा ने युवक की हत्या कर खुद को गोली मारी, पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Published : June 26, 2026 at 2:03 PM IST
दरभंगा: बिहार के दरभंगा में प्रेम विवाह से नाराज दारोगा ने अपनी भतीजी के पति की हत्या कर दी. घटना जिले के बहादुरपुर थाना के एक गांव की है. बताया जा रहा है कि आरोपी पटना पुलिस में दारोगा के पद पर कार्यरत है. उसने तलवार से हत्या करने के बाद खुद के सिर में भी गोली मार ली. गंभीर स्थिति में जिले के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है.
तीन साल हुआ था प्रेम विवाह: घटना के संबंध में बताया जाता है कि मृतक ने करीब तीन साल पहले दारोगा की भतीजी से प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद दोनों अहमदाबाद में रहकर नौकरी करने लगे थे. दो दिन पहले ही दोनों घर लौटे थे. दारोगा भतीजी की शादी से नाराज था. इसलिए बहाने से बुलाकर घटना को अंजाम दिया. वारदात के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव बना हुआ है.
धोखे से फोन कर बाहर बुलाया: छुट्टी पर आए आरोपी दारोगा ने शुक्रवार तड़के युवक को फोन कर धोखे से बाहर बुलाया था. जैसे ही वह घर से बाहर निकला, वहां मौजूद लोगों ने लाठी-डंडों और तलवार से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई. घटना को अंजाम देने के बाद बाकी लोग फरार हो गए.
दारोगा ने खुद के सिर में मारी गोली: घटना के दौरान जब आरोपी को यह निश्चित हो गया कि युवक की मौत हो चुकी है, तो उसने अपनी कमर से पिस्टल निकालकर अपने सिर में गोली मार ली. जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया. उसे स्थानीय लोगों के सहयोग से इलाज के लिए तुरंत निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया.
पुरानी रंजिश का आरोप: कबाड़ कारोबारी मृतक के पिता ने बताया कि तीन-चार दिन पहले कुछ युवकों से विवाद के दौरान बेटे को जान से मारने की धमकी मिली थी. परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश में हत्या की गई. दरभंगा एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने घटनास्थल का दौरा कर डीएसपी को जांच सौंपी है, जहां एफएसएल की टीम सैंपल जुटा रही है.
"पूरे मामले की जांच का निर्देश डीएसपी सदर राजीव कुमार को दिया है. घटनास्थल से एफएसएल टीम मौके से सैंपल जुटाने में लगी है. त्वरित कार्रवाई करने और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं." - जगुनाथ रेड्डी, एसएसपी, दरभंगा
ये भी पढ़ें:

