दंतेवाड़ा में विश्व प्रसिद्ध फागुन मेला के पहले बड़ी कार्रवाई, दूसरे राज्य की 49 पेटी अवैध शराब के साथ 3 गिरफ्तार
सिटी कोतवाली दंतेवाड़ा पुलिस ने विशेष अभियान के तहत अवैध शराब तस्करी पर एक्शन लिया. सक्रिय तस्कर गिरोहों पर आगे बड़ी कार्रवाई हो सकती है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 6, 2026 at 1:51 PM IST
दंतेवाड़ा: विश्व प्रसिद्ध फागुन मेला के पहले पुलिस ने अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई की है. दूसरे राज्य की 49 पेटी अवैध शराब के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. जिले में अपराधों, नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए दंतेवाड़ा पुलिस लगातार अभियान चला रही है. महाशिवरात्रि से फागुन मेले की भी शुरुआत होने वाली है.
2 वाहनों में भारी मात्रा में थी अंग्रेजी शराब
पुलिस सूत्रों के अनुसार हाल ही में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि दंतेवाड़ा बायपास से बालूद मार्ग की ओर दो वाहनों में भारी मात्रा में दीगर राज्य निर्मित अंग्रेजी शराब लाई जा रही है. तस्करों ने पिकअप वाहन और इको वाहन में शराब भरकर उसे दंतेवाड़ा शहर में बेचने की योजना बनाई थी. सूचना को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची.
अंधेरे में वाहन छोड़कर फरार हुए आरोपी
जैसे ही पुलिस टीम ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया, चालक अंधेरे और आसपास के जंगलों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए. तस्कर भागने में सफल रहे, लेकिन वाहन पुलिस के कब्जे में आ गए. वाहनों की तलाशी लेने पर पुलिस टीम भी हैरान थी. वाहनों के अंदर कुल 45 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब भरी हुई थी. तत्काल मौके पर ही शराब को विधिवत जब्त करते हुए आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 36 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया.

फरार आरोपी भी पकड़े गए
घटना के बाद फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने वाहनों के पंजीयन नंबरों और तकनीकी साक्ष्यों का उपयोग करते हुए खोजबीन शुरू की. बीते कई दिनों से लगातार टीम संदिग्ध क्षेत्रों में दबिश दे रही थी. इसी बीच 05 फरवरी 2026 को तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान 3 व्यक्तियों ने अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार की.
गिरफ्तार आरोपियों के नाम-
- गणेश मण्डल, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम पातररास बांगाबाड़ी, दंतेवाड़ा
- कृष्णा प्रसाद साव, उम्र 61 वर्ष, निवासी पातररास बांगाबाड़ी, दंतेवाड़ा
- गुड्डी अतरा, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम मसेनार बुरूमपारा
जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.आरोपियों से मिली सूचनाओं के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है- .दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक गौरव राय
निशानदेही पर 4 पेटी और शराब मिली
गिरफ्तार आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को बताया कि वे दूसरे राज्य से शराब लाकर दंतेवाड़ा जिले में ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बना रहे थे. इनसे मिली जानकारी पर पुलिस ने उनकी निशानदेही पर कुछ जगहों की तलाशी ली, जहां से अतिरिक्त 4 पेटी अवैध शराब बरामद की गई. इस प्रकार कुल 49 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब पुलिस ने कब्जे में ली है. जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है.
संगठित गिरोह की आशंका
इसके अतिरिक्त पुलिस ने तस्करी में उपयोग किए गए तीन वाहनों को भी जब्त कर लिया है. सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया. जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि यह पूरा मामला एक संगठित तस्करी नेटवर्क से जुड़ा लग रहा है. गिरोह के और सदस्यों की गिरफ्तारी भी हो सकती है.

