दिल्ली के मजलिस पार्क इलाके में आग लगने के बाद सिलेंडर ब्लास्ट, 3 पुलिसकर्मी सहित 14 घायल
घायलों में वजीरपुर फायर स्टेशन के एक लीडिंग फायरमैन और दो फायर ऑपरेटर भी शामिल हैं. घटना को लेकर जांच शुरू कर दी गई है.

Published : February 22, 2026 at 5:03 PM IST
नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मजलिस पार्क इलाके में रविवार सुबह आग लगने की घटना ने बड़ा हादसा ले लिया, जब मौके पर पहुंची दमकल टीम सिलेंडर ब्लास्ट की चपेट में आ गई. विस्फोट इतना तेज था कि आसपास अफरा-तफरी मच गई, जिसके दौरान कुल 14 लोग घायल हो गए. इनमें तीन फायरकर्मी और तीन पुलिसकर्मी भी शामिल हैं. अन्य घायलों में स्थानीय निवासी भी शामिल हैं.
दमकल विभाग के अनुसार, रविवार सुबह करीब 9 बजे सी ब्लॉक स्थित एक मकान में आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. आग पर काबू पाने की कोशिश के दौरान अचानक गैस सिलेंडर में धमाका हो गया, जिसकी चपेट में कई कर्मचारी और आसपास मौजूद लोग आ गए. करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 10:50 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया.
घायलों का इलाज जारी: मौके पर असिस्टेंट डिविजनल ऑफिसर अमन और स्टेशन ऑफिसर नवीन ठाकरान टीम के साथ मौजूद थे. घायलों में वजीरपुर फायर स्टेशन के एक लीडिंग फायरमैन और दो फायर ऑपरेटर शामिल हैं. सभी घायलों को तुरंत अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. लोक नायक अस्पताल और जय प्रकाश नारायण अस्पताल ले जाया गया. वहीं कुछ को नजदीकी अस्पतालों में इलाज दिया जा रहा है.
कारणों की जांच शुरू: स्थानीय निवासी ने बताया कि सुबह करीब 8:45 बजे उनके घर में आग लगी. उन्होंने तुरंत गली में खड़ी गाड़ियों को हटवाया, ताकि दमकल की गाड़ियों को रास्ता मिल सके. जैसे ही फायर ब्रिगेड पहुंची, अचानक जोरदार विस्फोट हुआ और कई लोग घायल हो गए. उनके मुताबिक 16-17 लोगों को चोटें आईं. फिलहाल आग लगने और सिलेंडर ब्लास्ट के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और आगे की कार्रवाई जारी है.
यह भी पढ़ें-

